14 दिन की न्यायिक हिरासत में गालीबाज त्यागी: पढ़ें फरारी से लेकर गिरफ्तारी तक की कहानी पुलिस की जुबानी
shrikant tyagi latest news: श्रीकांत त्यागी नोएडा से फरार होकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश पहुंच गया था। श्रीकांत त्यागी अपनी पत्नी से लगातार बात करने का प्रयास कर रहा था। इससे ही पुलिस को अहम सुराग मिले। मंगलवार सुबह श्रीकांत त्यागी पत्नी से बात कर रहा था।
विस्तार
पुलिस ने गालीबाज श्रीकांत त्यागी को मेरठ से गिरफ्तार किया है। श्रीकांत त्यागी कोर्ट में सरेंडर करने के प्रयास में था। इसकी भनक लगते ही पुलिस ने उसे धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद त्यागी को सूरजपुर स्थित जिला न्यायालय लाया गया। एसीपी पीपी सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में लुकसर स्थित जिला कारागार में भेज दिया गया।
इससे पहले नोएडा पुलिस आयुक्त ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि घटना वाले दिन हमारी टीम को एक वीडियो की जानकारी मिली थी। जिसका त्वरित संज्ञान लिया गया। हमारी टीम ने संबंधित एसएचओ को उस वीडियो की जानकारी दी और उस परिवार से संपर्क करते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। यह पांच तारीख की घटना थी। पुलिस ने पीड़ित से संपर्क किया और केस दर्ज किया। इसके साथ ही आरोपी की तलाश शुरू की।
जरूरत पड़ने पर 12 टीमों का गठन किया
पुलिस आयुक्त ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पहले आठ टीमों का गठन किया गया था। जिसमें महिला सुरक्षा अधिकारी भी थीं। इसके बाद बड़ी टीम का गठन किया गया। जरूरत पड़ने पर 12 टीमों का गठन किया गया। इसके साथ ही मुख्य आरोपी का लगातार पीछा किया गया। आरोपी यूपी की सीमाओं से बाहर भी गया। हमारी टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की भी मदद ली।
विवाद की जड़ वो जमीन थी
आरोपी श्रीकांत त्यागी बहुत शातिर तरीके से खुद को बचाने में लगा था। हमारी टीमों ने सतर्कता के साथ उसे आज मेरठ से गिरफ्तार कर लिया। विवाद की जड़ वो जमीन थी जिस पर पेड़ लगाने को लेकर आरोपी ने महिला के साथ अभद्रता की थी।
लगातार स्थान बदलता रहा त्यागी
पुलिस आयुक्त ने कहा कि घटना के बाद आरोपी ने सबसे पहले एयरपोर्ट की तरफ जाने की कोशिश की थी। लेकिन घटना का वीडियो काफी वायरल हो चुका था। जिस वजह से आरोपी मेरठ पहुंचा और अगले दिन यानी कि शनिवार को हरिद्वार पहुंचा। वहां से रविवार को वापस यूपी की सीमा में प्रवेश किया। रविवार शाम को मेरठ, मुजफ्फरनगर और आसपास के इलाकों में इसकी सक्रियता देखी गई। इस दौरान इसने न केवल खुद को छुपाया बल्कि लगातार स्थान बदलता रहा। पुलिस को चकमा देने के लिए शातिर वाहन भी बदलता रहा।
गाड़ियों के नंबर '001' के लिए लाखों रुपये खर्च किए
पुलिस आयुक्त ने कहा कि हमारी टीमें इसकी हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए थीं। नकुल त्यागी, संजय, ड्राइवर राहुल इसके मुख्य साथी हैं। ये सभी त्यागी के साथ लंबे समय से जुड़े हुए थे। पुलिस आयुक्त कहा कि इसके पास पांच वाहन मिले हैं, सभी के सीरियल नंबर में 001 कॉमन है। आरोपी ने सभी गाड़ियों के नंबर के लिए लाखों रुपये खर्च किए हैं।
गाड़ी पर लगा स्टीकर स्वामी प्रसाद मौर्य से मिला
आरोपी की गाड़ी पर विधायक को मिलने वाला स्टीकर लगा है। उसका कहना है कि यह स्टीकर उसे स्वामी प्रसाद मौर्य से मिला था। पुलिस आयुक्त ने कहा कि आरोपी पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की जा रही है।
गनर मामले की भी जांच की जा रही
कहा कि अभी तक पांच गाड़ियां बरामद हुई हैं। जिसमें दो फॉर्च्यूनर, दो सफारी और एक होंडा सिविक है। कुछ गाड़ियां इसके और कुछ इसकी पत्नी के नाम पर हैं। इसको गाजियाबाद से मिले गनर मामले की भी जांच की जा रही है।
आवेश में गलती हो गई, अभद्रता के लिए खेद
पुलिस आयुक्त ने कहा कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि महिला के साथ की गई अभद्रता के लिए वह खेद जताता है। उससे आवेश में गलती हो गई।
बता दें कि ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी( Grand Omaxe Society ) में रहने वाले श्रीकांत त्यागी का शुक्रवार को कुछ पौधे लगाने को लेकर महिलाओं से विवाद हो गया था। महिलाओं ने श्रीकांत त्यागी पर पौधे लगाकर जमीन कब्जाने का आरोप लगाया। श्रीकांत ने एक महिला से अभद्रता करते हुए गालियां देकर धमकाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आरोपी नेता के खिलाफ पुलिस ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोसाइटी की महिलाओं का आरोप है कि श्रीकांत ने सत्ता की हनक दिखाते हुए पौधे लगाकर एक स्थान पर कब्जा करने का प्रयास किया। जब महिलाओं ने उन्हें रोका तो उन्होंने एक महिला से अभद्रता की और जमकर गालियां दीं। पति के बीचबचाव करने पर उन्हें भी धमकी दी गई। इसके बाद सोसाइटी की अन्य महिलाओं ने विरोध जताना शुरू कर दिया। इसके बावजूद आरोपी ने महिला को धमकाते हुए कहा, ‘तुम पौधे टच करोगी तो मैं तुम्हें टच करूंगा।’ इसके बाद महिलाओं की नाराजगी और बढ़ गई।
वहीं, सोसाइटी के लोगों ने सभी पौधों को उखाड़ दिया। करीब चार घंटे तक सोसाइटी में विवाद चलता रहा। वहीं, घटना का वीडियो कुछ ही देर में वायरल हो गया। इसके बाद शहर के लोगों ने आरोपी के खिलाफ भड़ास निकालनी शुरू कर दी। सोशल मीडिया पर लोगों ने तरह-तरह की टिप्पणियों से नाराजगी जताई।
