नूंह। पिछले कई दिनों से जिले में विभिन्न विभागों के कर्मचारी मांगें पूरी नहीं होने पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को नूंह डिपो में रोडवेज विभाग के कर्मचारियों की बैठक आयोजित हुई। हरियाणा वर्कर इन सर्व कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष इंद्र सिंह बधाना ने धरने की अध्यक्षता की। इस दौरान रोडवेज कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
मौके पर उन्होंने कहा कि आज हर विभाग के कर्मचारियों में सरकार के प्रति रोष है। रोडवेज विभाग के चालक, परिचालकों की वेतन भत्ता सहित कई मांगों को पूरा नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 18 अक्तूबर को फरीदाबाद में परिवहन मंत्री के आवास का घेराव किया जाएगा। इस दौरान पूरे प्रदेश के रोडवेज कर्मचारी मौजूद रहेंगे। कर्मचारियों के ऊपर कार्य का अधिक बोझ होने के कारण सभी मानसिक रूप से परेशान हैं, लेकिन सरकार को कर्मचारियों के हितों की परवाह नहीं है। इस मौके पर मुख्य संगठन सचिव बिजेंद्र सिंह, राज्य कैशियर राजपाल, फरीदाबाद डिपो के प्रधान रविंद्र नागर, पलवल जिले के प्रधान गंगाराम सौरोत, नूंह जिले के प्रधान अब्दुल हमीद, उप प्रधान असलम खान, सचिव कपिल देव, उप प्रधान सरजीत और कैशियर कृष्ण कुमार सहित सैकड़ों कर्मचारी मौजूद रहे।