नोएडा में अब बेकाबू डिफेंडर का कहर: पांच कारों समेत छह वाहन में मारी टक्कर, मच गई अफरातफरी; ऐसा हो गया हाल
गुलशन मॉल के पास बुधवार रात नशे में तेज रफ्तार डिफेंडर सवार कंस्ट्रक्शन कारोबारी ने पांच कारों व एक बाइक से टक्कर मार दी। जेवर से लौटते समय गाड़ी अनियंत्रित हो गई। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले मेडिकल से शराब की पुष्टि की।
विस्तार
सेक्टर- 129 स्थित गुलशन मॉल के पास बुधवार देर रात तेज रफ्तार डिफेंडर सवार कंस्ट्रक्शन कारोबारी ने पांच कारों समेत छह वाहनों में टक्कर मार दी। हादसे के वक्त कारोबारी नशे में था। इस हादसे में पांच कारें व एक बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि इसमें किसी को गंभीर चोट नहीं लगी। इस घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने डिफेंडर चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। इस मामले में एक्सप्रेसवे थाने की पुलिस ने केस दर्ज कर चालक को हिरासत में लिया है।
सेक्टर-100 निवासी सुनील चौहान कंस्ट्रक्शन कारोबारी है और प्रॉपर्टी का काम भी करता है। वह बुधवार को जेवर गया था और वहीं से वह डिफेंडर से रात के वक्त सेक्टर-100 स्थित घर लौट रहा था। सेक्टर-129 में गुलशन मॉल तिराहे पर पहुंचते ही डिफेंडर अचानक अनियंत्रित हो गई और पहले साइड से बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद सडक़ के किनारे खड़ी पांच कारों में टक्कर मार दी। इसके बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
हालांकि इसमें कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। कई कारों के बंपर और दरवाजे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बादर कोतवाली एक्सप्रेस वे पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और डिफेंडर चालक सुनील को हिरासत में ले लिया। इसके बाद उसका मेडिकल कराया गया। जिसमें शराब पीने की पुष्टिï हुई। पुलिस ने डिफेंडर को जब्त कर लिया है। नोएडा जोन के एडीसीपी सुमित शुक्ला का कहना है कि पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
तेज रफ्तार व रॉंड साइड के तीन चालान
पुलिस की जांच में पता चला है कि डिफेंडर कार सुनील के बेटे प्रशांत चौहान के नाम पर है। यह कार 2024 में खरीदी गई थी। इस कार पर पहले ओवर स्पीड के तीन चालान व गलत दिशा में वाहन चलाने के एक चालान हैं। इस मामले में शोवित त्यागी की शिकायत पर कोतवाली एक्सप्रेस वे पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
जेवर से लौट रहा था घर
पुलिस पूछताछ में पता चला कि कंस्ट्रक्शन कारोबारी सुनील चौहान की जेवर में एक फैक्ट्री है। फैक्ट्री को उसने किराए पर दे रखा है। बुधवार को वह फैक्ट्री गया था। वहीं से वापस आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के वक्त कार की रफ्तार तेज थी और भागने के चक्कर में छह गाडिय़ों में टक्कर मार दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.