नई दिल्ली। येलो के बाद बुधवार से ब्लू और पिंक लाइन पर भी मेट्रो सेवा शुरू कर दी गई। दिल्ली-नोएडा, दिल्ली-गाजियाबाद और मजलिस पार्क-शिव विहार को जोड़ने वाली ब्लू लाइन खुलने का असर भी देखा गया। समय अभी भी सुबह-शाम के पीक आवर्स में आठ घंटे ही है, लेकिन इसके बाद भी यात्रियों की संख्या में इजाफा हुआ। सुबह 7 से 11 बजे की पहली शिफ्ट में ही 33,000 से ज्यादा यात्रियों ने सफर किया। शाम 4 से 8 बजे की दूसरी शिफ्ट में भी यात्रियों की खासी भीड़ रही। बृहस्पतिवार को वायलेट, रेड और ग्रीन लाइन पर भी मेट्रो सेवा शुरू हो जाएगी। उधर, ब्लू और पिंक लाइन शुरू होने से मेट्रो के 9 इंटरचेंज से मेट्रो गुजरने लगी हैं। इससे यात्रियों को एक लाइन से दूसरी लाइन तक पहुंचने की सुविधा स्टेशन के अंदर ही मिल गई है। उत्तर प्रदेश मे मेट्रो के पहुंचने के बाद बड़ी संख्या में नोएडा और गाजियाबाद से दिल्ली के बीच रोजाना सफर करने वाले छात्रों व युवा प्रोफेशनल की जिंदगी को नई रफ्तार मिली है। पहले दिन मेट्रो में सफर करने वालों में 70-80 फीसदी युवा यात्रियों ने सफर किया।
22 मार्च से बंद मेट्रो 172 दिन बाद ग्रीन, वायलेट और रेड लाइन पर सेवाएं देंगीं। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के अधिकारियों का कहना है कि रेड लाइन (रिठाला-शहीद स्थल, नया बस अड्डा) के बीच मेट्रो 413 फेरे लगाएंगीं। वायलेट लाइन पर कश्मीरी गेट से राजा नाहर सिंह के बीच 344 फेरे और ग्रीन लाइन पर कीर्ति नगर/इंद्रलोक-ब्रिगेडियर होशियार सिंह के बीच 268 फेरे लगाएंगीं। 11-12 सितंबर को शेष लाइनों पर मेट्रो सेवाओं की शुरुआत होने पर मेट्रो के फेरों की संख्या में भी बढ़ोतरी की जाएगी।