{"_id":"68936056b5d23abfef0bba56","slug":"major-intersections-of-the-capital-to-be-beautified-noida-news-c-340-1-del1011-100235-2025-08-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"Noida News: राजधानी के 40 प्रमुख चौराहों का होगा सौंदर्यीकरण","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Noida News: राजधानी के 40 प्रमुख चौराहों का होगा सौंदर्यीकरण
विज्ञापन
विज्ञापन
हरियाली और मूर्तियों से सजेंगे, पीडब्ल्यूडी योजना पर कर रहा काम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राजधानी के प्रमुख चौराहे अब बदहाल नहीं बल्कि सुंदर, हरे-भरे और सुसज्जित नजर आएंगे। दिल्ली सरकार ने 40 से अधिक प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण के लिए योजना बनाई है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को इस संबंध में कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। चौराहों को सजाने के अलावा हरियाली बढ़ाने, मूर्तियां लगाने और रखरखाव की समुचित व्यवस्था करने पर भी विशेष जोर रहेगा।
पीडब्ल्यूडी के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि योजना का दायरा काफी व्यापक है। चौराहों के साथ-साथ प्रमुख सड़कों के किनारे भी हरियाली विकसित की जाएगी जहां कहीं भी खाली जमीन बची होगी वहां पौधे और झाड़ियां लगाई लगेंगी। इसके अलावा सड़क, फुटपाथ, सेंट्रल वर्ज, नालियों और स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत को एक ही टेंडर के तहत किया जाएगा ताकि काम की गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके। योजना की सफलता के बाद भविष्य में चौराहों की संख्या और बढ़ाई जा सकती है। जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) क्षेत्र के बाहर भी कई इलाकों के चौराहों के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया गया था। उस समय दावा किया गया था कि इनकी सुंदरता स्थायी रूप से बनाए रखी जाएगी लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।
विज्ञापन
अब ठेकेदार दो साल तक रहेंगे जिम्मेदार
सरकार का मानना है कि एक समग्र टेंडर प्रणाली के तहत काम कराने से ठेकेदारों की जवाबदेही बढ़ेगी। वे न सिर्फ काम करेंगे बल्कि दो वर्षों तक रखरखाव की जिम्मेदारी भी निभाएंगे। इससे बार-बार मरम्मत की जरूरत नहीं पड़ेगी और चौराहों की खूबसूरती बरकरार रहेगी। पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने इस दिशा में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दे दिए हैं और विभाग ने कार्य योजना पर अमल शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पहले के वर्षों में सड़क और फुटपाथ सुधार के लिए अलग-अलग टेंडर निकलते थे जिससे काम अधूरा या असंगठित होता था। अब इस सोच में बदलाव लाया गया है।
विज्ञापन