तावडू। नगर के मार्केट कमेटी कार्यालय में सोमवार को जिला विपणन प्रवर्तन अधिकारी (डीएमईओ) रामेहर जागलान ने मंडी के आढ़तियों और अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान आढ़तियों द्वारा बताई गई मंडी समस्याओं का तुरंत समाधान कराने के साथ फसल की सरकारी खरीद में पूरी पारदर्शिता लाने की बात कही। उन्होंने बताया कि एक अक्तूूबर से 15 नवंबर तक बाजरे की सरकारी खरीद तावडू मंडी में हैफेड और नूंह में हरियाणा भंडारण निगम द्वारा की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसान अपनी फसल को अच्छी तरह साफ और सुखाकर जरूरी दस्तावेज साथ लाएं, ताकि उन्हें कोई परेशानी न हो। किसान भाइयों को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी होने पर मंडी के गेट पर स्थित किसान सहायता केंद्र से संपर्क करें।
बैठक के दौरान मंडी यूनियन के प्रधान संजय गोयल, शाहिद, मुसद्दीलाल बंसल, सुनील गोयल, महेंद्र गर्ग, कालीचरण गोयल, राजकुमार सेवकिया के अलावा आढ़तियों ने मंडी परिसर में लाइट व्यवस्था दुरुस्त कराने, सड़कों के बीच में बने गड्ढे भरवाने और मंडी परिसर में घूमने वाले मवेशियों को पकड़ने के लिए कैटल कैचर की समुचित व्यवस्था कराने सहित सुरक्षा को लेकर भी चर्चा की। आढ़तियों ने बताया कि आढ़तों के पीछे घनी झाड़ियां होने से चोरी की कई वारदात हो चुकी हैं। उन्हें साफ कराकर लाइट व्यवस्था के साथ चौकीदार की तैनाती की जाए। जिस पर जिला विपणन प्रवर्तन अधिकारी रामेहर जागलान ने मार्केट कमेटी सचिव मोहन जोयल को बंद पड़ी लाइटों को तुरंत सही कराने व आढ़तों के पीछे खड़ी झाड़ियों की सफाई कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने मंडी में चौकीदार की अतिरिक्त व्यवस्था के साथ पुलिस को पत्र लिख बाइक राइडर द्वारा गश्त बढ़ाने के लिए कहा। वहीं, मंडी में पेयजल व्यवस्था के साथ शौचालयों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने फसल की सरकारी खरीद और तुलाई में किसी भी प्रकार की कोताही बरतने पर कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि किसानों की संतुष्टि के लिए इलेक्ट्रॉनिक कांटे का इस्तेमाल हो।