ग्रेटर नोएडा में मची चीख-पुकार: डिवाइडर पर चढ़ने के बाद पेड़ से टकराई कार, एक छात्र की मौत; तीन की हालत नाजुक
ग्रेटर नोएडा में एक स्कॉर्पियो डिवाइडर पर चढ़ने के बाद पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में एक छात्र की मौत हो गई। वहीं तीन घायल बताए जा रहे हैं। चुहडपुर एनएसजी चौक से पहले शारदा यूनिवर्सिटी रोड पर हादसा हुआ है।
विस्तार
बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार दोपहर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में गलगोटिया यूनिवर्सिटी के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि तीन छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा चुहडपुर एनएसजी चौक से पहले शारदा यूनिवर्सिटी रोड पर हुआ। जब छात्रों की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ने के बाद पेड़ से टकरा गई।
सूचना पर पहुंची बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, एनआरआई सिटी सोसाइटी के शिवम उर्फ अभिनव, सिवान बिहार के आर्य, अल्फा-2 के अभय और और झांसी के पंडित उर्फ ध्रुव गलगोटिया के छात्र हैं।
आर्य अभय वर्तमान में अल्फा-2 में रहते थे। वहीं उनके साथ ध्रुव भी साथ रहता था। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे चारों छात्र स्कार्पियो कार से अल्फा-2 स्थित घर पर जा रहे थे। कार को शिवम चला रहा था। शारदा यूनिवर्सिटी रोड पर चुहडपुर एनएसजी चौक से पहले तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर पर चढ़ी फिर इसके बाद पेड़ से जा टकरा गई।
हादसे में चारों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। वहां से गुजर रहे लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस के आने से पहले ही किसी छात्रों को कार का दरवाजा खोलने के साथ शीशा तोड़कर बाहर निकाला। वहीं सूचना पर पहुंची बीटा-2 कोतवाली कोतवाली पुलिस ने पहले एंबुलेंस बुलाकर ध्रुव को इलाज के लिए कासना स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे इलाज शुरू करने से पहले ही मृत घोषित कर दिया।
हादसे में मार गए युवक की उम्र 22 साल बताई गई है। वह चालक के बगल वाली सीट पर बैठा था। वहीं घायल शिवम को ग्रेटर नोएडा ओमेगा-1 के यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पर उसे आईसीयू में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। डॉक्टरों ने शिवम की हालत गंभीर बताई है। वहीं आर्य और अभय को इलाज के लिए ग्रेटर नोएडा के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पर दोनों का इलाज चल रहा है।
दोनों की हालत स्थिर बताई गई है। पुलिस ने हादसे में मारे गए छात्र के परिजन को सूचित किया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोने की बात सामने आ आई है। पुलिस ने कार को क्रेन की मदद से सड़क किनारे कराकर आवश्यक कार्रवाई की है। सीसीटीवी की मदद से मामले की जांच की जा रही है।