चलती डबल डेकर बस में लगी आग: नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर हादसा, 32 यात्रियों की दांव पर लगी जान
मंगलवार शाम नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर चलती डबल डेकर बस में आग लग गई और तेज धमाका हुआ। हादसे के बाद सवारियों और वहां से गुजर लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
विस्तार
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-148 मेट्रो स्टेशन के सामने मंगलवार शाम करीब 5 बजे चलती निजी स्लीपर बस अचानक आग का गोला बन गई। बस के इंजन के पास से धुआं निकलने के बाद आग लगी और कुछ ही देर में पूरी बस आग की लपटों से घिर गई। बस में करीब 32 यात्री सवार थे। यात्रियों ने समय रहते बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। आग लगने के दौरान बस में तेज धमाका भी हुआ, जिससे एक्सप्रेसवे से गुजर रहे वाहन सवारों में अफरातफरी मच गई। हादसे में किसी यात्री के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बस संख्या बीआर 28 पी 3433 बीएसएस कूल-कूल जमना ट्रैवलर्स की बताई गई है। यह बस मंगलवार को दिल्ली के लाल किला से यात्रियों को लेकर समस्तीपुर के लिए रवाना हुई थी। बस में गोरखपुर, बिहार के अलग-अलग जिलों के यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के मुताबिक बस सेक्टर-148 के पास पहुंची तो आगे चालक सीट के पास बस के इंजन के पास से अचानक धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते धुआं आग की लपटों में बदल गया। आग तेजी से फैलने पर यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
आग लगने के बाद बस में हुआ तेज धमाका
यात्रियों के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस आग की लपटों में घिरी दिखाई दे रही है। वीडियो में बस से निकलती तेज लपटों और धुएं का गुबार साफ नजर आ रहा है। इसी दौरान बस में तेज धमाका होता दिखाई देता है।
चालक ने बस को सड़क किनारे रोक दिया और यात्रियों को नीचे उतारा गया। समय रहते सभी यात्रियों के बाहर निकलने से बड़ा हादसा टल गया। बस में आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में डबल डेकर बस पूरी तरह आग की लपटों से घिर गई। बस में रखा सामान भी जल गया। स्लीपर बस की छत के अंदर और ऊपर भी यात्रियों का सामान भरा हुआ था। आग बुझाने के दौरान बस में तेज धमाका भी हुआ। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बस आग की लपटों से घिरी दिखाई दे रही है।
डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग
बस में आग लगने की सूचना मिलते ही नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल की कई गाड़ियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक बस पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। इस बीच नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे पर वाहनों की आवाजाही भी बंद रही। मौके पर एडीसीपी ग्रेटर नोएडा अभय कुमार मिश्र, एसीपी ट्रैफिक शकील मोहम्मद, एसीपी ग्रेटर नोएडा कृष्ण पाल सिंह, कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार, ट्रैफिक इंस्पेक्टर अमर सिंह और मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप चौबे समेत पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था की।
बस के कागजों की जांच में जुटी पुलिस
बस का फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा और अन्य जरूरी दस्तावेज पूरे थे या नहीं, इसकी पुलिस जांच कर रही है। बस पर पहले कितने चालान हुए हैं और उसका परमिट किस राज्य का है, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस और दमकल विभाग की प्रारंभिक जांच में आग बस के इंजन के पास से शुरू होने की बात सामने आई है। हालांकि आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। दमकल विभाग की जांच रिपोर्ट के बाद आग लगने के कारण की स्थिति स्पष्ट होगी।
आग लगने के दौरान लगा दो किमी लंबा जाम
बस में आग लगने के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। इसके चलते एक्सप्रेसवे पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। आग की घटना के कारण वाहनों की रफ्तार थम गई और बड़ी संख्या में वाहन जाम में फंस गए। जाम में फंसे लोगों ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा की। कई वाहन चालकों ने जाम से बचने के लिए एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन का सहारा लिया। पुलिस और यातायात कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और धीरे-धीरे वाहनों का आवागमन सामान्य कराया।
आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है। आग लगने के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था की है। घटना में कोई यात्री घायल नहीं है। सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। - अभय कुमार मिश्र, एडीसीपी ग्रेटर नोएडा जोन
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.