दादरी। एनटीपीसी रेलवे लाइन के पास एक सप्ताह पूर्व ईंट से हमला कर युवक संजीव की हत्या कर शव फेंकने के मामले में पुलिस ने ब्रजपाल और उसके दो बेटों कल्लू और सत्यप्रकाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बदायूं के गांव सराय पस्तो निवासी संजीव तिलपता गांव में किराये पर रहकर मजदूरी करता था। वहीं, संजीव के गांव का ब्रजपाल अपने बेटों सत्यप्रकाश और कल्लू के साथ आमका रोड के पास रहकर मजदूरी करता था।
सत्यप्रकाश के छोटे भाई जसबीर की संजीव से दोस्ती थी। संजीव का उसके घर आना-जाना था। पुलिस ने बताया कि इस दौरान जसबीर के भाई ओमशरण की पत्नी से संजीव के संबंध हो गए। जानकारी होने पर जसबीर ने संजीव को समझाया था। 5 फरवरी को संजीव ने जसबीर के साथ शराब पी थी। शराब पीने के बाद जसबीर की मौत हो गई थी। ऐसे में पकड़े गए तीनों आरोपियों को शक था कि संजीव ने शराब में जहर पिलाकर जसबीर हत्या की है। पुलिस ने बताया कि भाई जसबीर की हत्या का बदला लेने के लिए कल्लू और सत्यप्रकाश ने संजीव को शराब में जहर पिलाकर हत्या करने की साजिश रची। 28 फरवरी को दोनों संजीव को एनटीपीसी रेलवे लाइन पर ले गए। वहां उसे शराब पिलाई। नशा होने पर शराब में जहर मिला दिया। संजीव के बेहोश होने पर दोनों आरोपी ईंट से मुंह पर हमला कर हत्या कर दी। प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार विश्नोई का कहना है कि आरोपियों की निशानदेही पर जहरीले पदार्थ की पुड़िया, मृतक के कपड़ों का बैग, आधार कार्ड आदि सामान बरामद किया है। मामले में एक अन्य आरोप नरेंद्र की तलाश है।