बिरनो। गोरखपुर- वाराणसी डिपो की रोडवेज बस शुक्रवार की रात चालक को झपकी आने से क्यामपुर टोल प्लाजा फोरलेन स्थित गन्नापुर के पास खड़े ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में बस चालक सहित आठ लोग घायल हो गए। पांच घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल से डॉक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया। बस गोरखपुर से वाराणसी जा रही थी। बस में कुल 30 यात्री थे। रोडवेज बस चालक शादाब अली ने बताया कि अचानक उन्हें झपकी आ गई थी, इस कारण वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठे। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में गोरखपुर निवासी विष्णु, प्रवीण कुमार, महराजगंज के देवांश, अंशुमन, कुशीनगर रजनीकांत मिश्र, संतकबीर नगर निवासी आशुतोष तिवारी, बलिया निवासी श्याम गिरी और महराजगंज निवासी सोमनाथ घायल हो गए। जिन यात्रियों को हल्की चोट आई थी, वह स्वयं वाहन पकड़ कर इलाज कराने चले गए। स्थानीय लोगों ने बिरनो पुलिस और एंबुलेंस को घटना की सूचना दी। बिरनो पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सीएमएस डा. राजेश सिंह ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल गोरखपुर निवासी विष्णु, प्रवीण कुमार, महराजगंज के देवांश, अंशुमन, कुशीनगर रजनीकांत मिश्र को वाराणसी रेफर कर दिया गया है। थानाध्यक्ष बालेंद्र कुमार ने बताया कि रोडवेज बस और ट्रेलर दोनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था को सामान्य कर दिया गया। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।