अंतिम सांस तक नहीं छूटी दोस्ती: तीन मिनट बाद ही कार में लगी आग, नोएडा में पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
Noida Burning Car: कार खड़ी होने के मात्र तीन मिनट बाद ही आग लग गई। यह हादसा आम्रपाली प्लैटिनम सोसाइटी में हुआ। सीसीटीवी फुटेज से जानकारी मिली है। मिली जानकारी के मुताबिक, गाड़ी में पीछे की तरफ से आग लगी थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Noida Burning Car: आम्रपाली प्लैटिनम सोसाइटी के गेट के बाहर शनिवार सुबह 6:08 बजे सफेद रंग की स्विफ्ट रुकती है। इसके तीन मिनट बाद यानी 6:11 बजे उसमें आग लग जाती है। कार से आग की तेज लपटें निकलने लगीं और अंदर बैठे दोनों युवकों की मौत हो गई। पेट्रोल कार में पीछे की तरफ से आग लगने की बात सामने आ रही है। यह जानकारी सोसाइटी के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे से पुलिस और अग्निशमन विभाग को मिली है। अग्निशमन विभाग की टीम आग लगने के कारणों की जांच में लगी है, लेकिन आशंका जताई जा रही है। शार्ट सर्किट या कंप्रेसर फटने से आग लगी थी।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि सोसाइटी के सिक्योरिटी गार्ड ने सुबह 6:25 बजे आग लगने की सूचना दी। इसके बाद पहुंची टीम ने आग बुझाई। कार के अंदर से दो युवकों के शव मिले। यह कार का पंजीकरण गाजियाबाद से था। कार मृतक विजय की थी। सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद यह लग रहा है कि आग लगते ही दोनों को कुछ समझ नहीं आया और वह बाहर नहीं निकल सके। आशंका है कि सेंट्रल लॉक होने की वजह से कार का गेट नहीं खुला। विजय मां और बहन के साथ आम्रपाली प्लेटिनम सोसाइटी में रहता था।
आग लगने के बाद कार में धमाका
आग लगने के बाद कार में धमाका भी हुआ। सोसाइटी की ऊपरी मंजिल में रहने वाले कई लोगों ने इसके वीडियो बनाए। इसमें धमाके की आवाजें आ रही हैं। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, हालांकि वीडियो बनाने वाले लोगों को यह पता नहीं था कि कार में दो लोग फंसे हुए हैं।
बचपन से दोस्ती, साथ विदा हुए दोनों
विजय और अनस की बचपन से दोस्ती थी। दोनों ने दसवीं तक की पढ़ाई साथ में की थी। दोनों का रोजाना मिलना-जुलना था। शनिवार को दोनों एक साथ ही विदा हो गए। दोनों का साथ अंतिम सांस तक नहीं छूटा। विजय पहले एक कंपनी में नौकरी करता था। अभी वह किसी दूसरी कंपनी के लिए वर्क फ्रॉम होम कर रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों की शादी के लिए घरवाले रिश्ते ढूंढ रहे थे। घटना के बाद अनस की मां जब सोसाइटी पहुंची तो बेहोश हो गईं।
विभिन्न पहलुओं पर हो रही जांच
मृतकों के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है। परिजनों का कहना है कि कार में आग लगने के बाद दो लोग सवार थे और दोनों कार से बाहर कैसे नहीं निकल पाए। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले में विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जांच में पता चला है कि अनस और विजय जब सुबह तीन बजे तक घर नहीं पहुंचे तो घरवालों ने फोन किया था। दोनों ने कुछ देर में आने की बात कही थी। वहीं, आगजनी में कार भी पूरी तरह जल गई, हालांकि उसके पिछले हिस्से में रखे दस्तावेज का कुछ हिस्सा बच गया।
हादसे का घटनाक्रम
- शुक्रवार रात करीब 11 बजे दोनों युवक जन्मदिन पार्टी में शामिल होने की बात कहकर घर से निकले।
- शनिवार सुबह 6:08 बजे सोसाइटी के बाहर गेट नंबर एक के पास कार रूकी।
- 6:11 बजे अचानक कार में आग लगी और तुरंत ही तेज लपटें निकलने लगीं।
- 6:25 बजे पर सिक्योरिटी गार्ड ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
- 6:35 बजे के आसपास अग्निशमन कर्मचारी और पुलिस की टीम पहुंची।
- 6:45 बजे पर कार में लगी आग पर काबू पाया गया।
पहले भी हादसे
- एक मई 2023 : सेक्टर-51 में चलती कार में आग लगने से युवक व युवती झुलसे।
- एक फरवरी 2023 : सेक्टर 93 में मर्सिडीज पेड़ से टकराई। कार में आग लगने से कंपनी मैनेजर की मौत।
- 12 फरवरी 2023 : सेक्टर-आठ में सिलिंडर फटने से झुग्गी में लगी आग, नवजात समेत दो की मौत।
- 17 फरवरी 2022 : सेक्टर-53 स्थित स्पा सेंटर में आग लगने से महिला समेत दो की मौत।