फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Noida News ›   Agniveer Scheme: Protests against Agniveer Army Recruitment Scheme students jammed the streets in up

Agniveer Scheme: अग्निवीर सेना भर्ती योजना को लेकर यूपी में जगह-जगह विरोध, छात्रों ने सड़कों पर लगाया जाम

Thu, 16 Jun 2022 07:38 PM IST
अनुराग सक्सेना अमर उजाला, न्यूज डेस्क, उत्तर प्रदेश
अमर उजाला, न्यूज डेस्क, उत्तर प्रदेश Published by: अनुराग सक्सेना Updated Thu, 16 Jun 2022 07:38 PM IST
सार

केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के विरोध में देशभर में प्रदर्शन हो रहे हैं। इस बीच यूपी में भी विभिन्न शहरों में प्रदर्शनों की खबरेें आ रही हैं। गोरखपुर, बरेली, अलीगढ़ में छात्र जगह-जगह प्रदर्शन कर रहे हैं।

विज्ञापन
Agniveer Scheme: Protests against Agniveer Army Recruitment Scheme students jammed the streets in up
बुलंदशहर में प्रदर्शन करते युवा - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

युवाओं को सेना में चार साल के लिए भर्ती करने की केंद्र सरकार की योजना का विरोध शुरू हो गया है। इस दौरान बिहार, दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों में अभ्यर्थी भारी विरोध कर रहे हैं। यूपी के बुलंदशहर, अलीगढ़, बरेली आदि शहरों में छात्रों ने सड़कों को जाम कर दिया है। वे इस योजना के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी कर रहे हैं।

विज्ञापन

बुलंदशहर में भूड़ चौराहे पर युवाओं ने किया प्रदर्शन, पुलिस ने फटकारी लाठियां

कोतवाली देहात क्षेत्र में भूड़ चौराहे पर अग्निपथ योजना के खिलाफ सेना भर्ती की तैयारी करने वाले युवा सड़क पर उतर गए और जाम लगा दिया, जिसके बाद पुलिस ने जाम लगाने वाले युवाओं को लाठियां भांजकर खदेड़ दिया। युवाओं ने आसपास होटलों में घुसकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने आधा दर्जन युवाओं को हिरासत में लिया। अग्निपथ के खिलाफ सड़क पर उतरे सैकड़ों युवा अपने हाथों में तिरंगा लेकर प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने अग्निपथ योजना को युवाओं के कैरियर से खिलवाड़ बताया।

विज्ञापन

अलीगढ़ के थाना क्वारसी व गभाना क्षेत्र में प्रदर्शन

अग्निपथ योजना के तहत सेना व पुलिस भर्ती में अग्नि वीरों को वरीयता देने के विरोध में क्वारसी और गभाना क्षेत्रों में अभ्यर्थियों ने  जमकर प्रदर्शन किया। गभाना के सोमना मोड़ नेशनल हाईवे पर अभ्यर्थियों ने विरोध प्रदर्शन के दौरान पथराव कर बसों के शीशे तोड़ने के साथ सड़क पर टायरों में आग लगाकर जमकर उत्पात किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर अभ्यर्थियों को दौड़ा दिया। अभ्यार्थियों ने आर्मी, एयरफोर्स ,नेवी मैं फिजिकल, मेडिकल परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा करा कर जल्द नियुक्ति देने और पूर्व की भर्ती प्रक्रिया को बहाल करने की मांग को लेकर चेतावनी दी। कहा कि अगर मांग नहीं मानी गई तो अभ्यार्थी सड़कों पर उतर कर व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होंगे। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत कर प्रदर्शन खत्म कराया।

बरेली में सड़कों पर उतरे सैन्य अभ्यर्थी

सेना में भर्ती योजना अग्निपथ के विरोध में गुरुवार को बरेली में करीब डेढ़ सौ से ज्यादा सैन्य अभ्यर्थी सड़कों पर उतरे। सुबह नौ से लेकर दोपहर 12 बजे तक प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि सेना भर्ती की नई योजना युवाओं को रोजगार के बजाय बेरोजगार बनाएगी। सरकार पिछले दो साल में लगातार छह बार भर्ती प्रक्रिया स्थगित कर चुकी है। यह स्थिति तब है जब अभ्यर्थी फिजिकल, मेडिकल पास कर चुके हैं। उन्होंने योजना की घोषणा से पहले के सभी आवेदन पर स्थायी भर्ती की मांग की है।

गोरखपुर में अग्निपथ योजना पर छपरा स्टेशन पर बवाल, कैंट में 3 घण्टे से खड़ी है वैशाली एक्सप्रेस

सेना में अग्निवीर के तहत नौकरी को लेकर बिहार में बवाल का असर ट्रेनों के संचालन पर दिखने लगा है। गुरुवार को छपरा स्टेशन पर उपद्रव को देखते हुए नई दिल्ली से सहरसा जाने वाली विशाल एक्सप्रेस को रेल प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए कैंट स्टेशन पर ही रोक दिया। ट्रेन सुबह साढ़े 10 बजे से खड़ी है। तपिश भरी गर्मी में यात्री उबल गए हैं। ट्रेन संचलन बहाल नही हुआ तो कई और ट्रेनों खड़ी की जा सकती है।

पीलीभीत सांसद वरुण गांधी ने रक्षा मंत्री को लिखा पत्र

पीलीभीत से सांसद वरुण गांधी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को ट्वीट किया और पत्र भी लिखा। उन्होंने कहा कि 'अग्निपथ' योजना को लेकर देश के युवाओं के मन में कई सवाल हैं। युवाओं को असमंजस की स्थिति से बाहर निकालने के लिए सरकार अतिशीघ्र योजना से जुड़े नीतिगत तथ्यों को सामने रख कर अपना पक्ष साफ करे, जिससे देश की युवा ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग सही दिशा में हो सके।

सांसद वरुण ने कहा कि सेना में 15 वर्ष नौकरी कर रिटायर हुए नियमित सैनिकों को भी सेवा में लेने के मामले में कारपोरेट जगत रुचि नहीं दिखाता है। ऐसे में चार वर्ष की अल्पसेवा के बाद इन अग्निवीरों का क्या होगा? वेतनमान कम होने से इन अग्निवीरों को परिवार चलाने में दिक्कत आएगी।

विज्ञापन

अग्निपथ योजना से नाराज युवकों ने बिरला नगर स्टेशन में की तोड़फोड़, ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित

सरकार की अग्निपथ भर्ती योजना से नाराज युवकों ने ग्वालियर स्थित बिरला नगर स्टेशन में भी जमकर तोड़फोड़ की। उत्पाती युवकों ने टायर जलाकर रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। बड़ी संख्या में उपद्रवी स्टेशन मास्टर कक्ष में जा घुसे। वहां रखे फर्नीचर उन्होंने तोड़ दिया। स्टेशन में भी जमकर तोड़फोड़ की। स्टेशन परिसर के भीतर कुर्सी, बेंच और पंखे तोड़ दिए। काफी देर तक वहां हंगामा करते रहे। आरपीएफ के पहुंचने के बाद उपद्रवी स्टेशन छोड़कर भागे। वही, जनसंपर्क अधिकारी मनोज सिंह का कहना है विरोध प्रदर्शन की वजह से कुछ ट्रेनों के संचालन पर प्रभाव पड़ा है।

बिरला स्टेशन पर तोड़फोड़ के चलते गतिमान, ताज समेत 11 सवारी गाड़ियां प्रभावित 


ग्वालियर के बिरला नगर स्टेशन पर तोड़फोड़ के चलते ग्वालियर-दिल्ली के बीच रेल संचालन पर भी असर पड़ा है। इसके चलते 11 विभिन्न सवारी गाड़ियां प्रभावित हुई हैं। इनमें गतिमान एक्सप्रेस, ताज एक्सप्रेस, पंजाब मेल, उद्योगकर्मी एक्सप्रेस समेत अन्य सवारी गाड़ियां शामिल हैं। रेल प्रशासन के मुताबिक प्रभावित होने वाली गाड़ियों में गाड़ी संख्या 12643 तिरुवंतपुरम- हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 12807 विशाखापट्टनम-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 18237 कोरबा-अमृतसर एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 11110 पुणे-जम्मू तवी एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 12137 पंजाब मेल, गाड़ी संख्या 12943 उद्योगकर्मी एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 19665 खजुराहो-उदयपुर एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 12049 गतिमान एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 12279 ताज एक्सप्रेस एवं गाड़ी संख्या 01880 ग्वालियर- बीना एक्सप्रेस के संचालन पर प्रभाव पड़ा है।

अग्निपथ के विरोध में मेरठ रोड पर टायर जलाते युवा

अग्निपथ के विरोध में गाजियाबाद में भी प्रदर्शन किया गया। मेरठ रोड पर टायर जलाकर युवाओं ने विरोध जताया। मौके पर एसपी सिटी, सीओ प्रथम और दो थाना की पुलिस ने पहुंचकर छात्रों को समझाया और काउंसलिंग कर वापस भेज दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed