फिरोजपुर झिरका। थाना क्षेत्र के गांव पाठखोरी में रविवार को खाना बनाते समय सिलिंडर फटने से पांच लोग मामूली रूप से झुलस गए। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दमकल विभाग की गाड़ी को बुलाकर आग पर काबू पाया। कार्य के दौरान इस्तेमाल किए जा रहे सिलिंडर में आग लगने से घर में रखा सामान जल गया। इस घटना में हुकम चंद, सुखराम, मांगेराम, महेंद्र, अजय कुमार झुलस गए। इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर सीताराम ने बताया कि रविवार को सूचना मिली थी कि गांव पाठखोरी में सिलिंडर फटने से घर में रखे सामान में आग लग गई। मौके पर दमकल कर्मियों को बुलाकर आग पर काबू पाया गया। इस घटना में 5 लोग मामूली रूप से झुलस गए, उनका उपचार कराकर उन्हें घर भेज दिया गया है। सिलिंडर कैसे फटा, इस संबंध में गैस कंपनी से विस्तृत जानकारी मांगी गई है। वहीं, गांव के सरपंच चंद्रशेखर और समाजसेवी साजिद खान ने बताया कि गनीमत रही कि बड़ा हादसा नहीं हुआ। समय रहते सिलिंडर में लगी आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि गैस का इस्तेमाल करते समय पूरी सावधानी बरतें। अन्यथा लापरवाही जानमाल को हानि पहुंचा सकती है।