{"_id":"6af6f9af3227b8b79208eafc","slug":"20-kg-of-cannabis-seized-from-a-logistics-warehouse-in-greater-noida-2026-11-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"कोरियर से दिल्ली भेजा 20 किलो गांजा: ओडिशा से दिल्ली जा रहे थे गांजे के पैकेट, ग्रेटर नोएडा में ही पकड़े गए","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कोरियर से दिल्ली भेजा 20 किलो गांजा: ओडिशा से दिल्ली जा रहे थे गांजे के पैकेट, ग्रेटर नोएडा में ही पकड़े गए
Fri, 13 Nov 2026 05:21 PM IST
Akash Dubey
माई सिटी रिपोर्टर, ग्रेटर नोएडा
माई सिटी रिपोर्टर, ग्रेटर नोएडा
Published by: Akash Dubey
Updated Fri, 13 Nov 2026 05:21 PM IST
सार
ग्रेटर नोएडा के एक लॉजिस्टिक वेयरहाउस से गांजा बरामद हुआ है, जिसकी कीमत 10 लाख रुपये बताई जा रही है। संदेह होने पर पुलिस ने पैकेट्स की जांच करवाई। मैनेजर से भी पूछताछ की तैयारी है।
विज्ञापन
पैकेट्स की जांच करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
ग्रेटर नोएडा के बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के धूम मानिकपुर स्थित एक लॉजिस्टिक कंपनी के वेयरहाउस से पुलिस ने 20 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। गांजे के दो पैकेट ओडिशा से दिल्ली भेजने के लिए बुक किए गए थे। पैकेट पर दिल्ली का पता लिखा हुआ था। पुलिस ने बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई है। पुलिस ने गांजे को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजे की खेप किसने बुक की थी और इसे दिल्ली में किसे पहुंचाया जाना था।
विज्ञापन
बादलपुर कोतवाली प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि धूम मानिकपुर गांव के समीप स्वास्तिक लॉजिस्टिक कंपनी का वेयरहाउस है। यहां स्थानीय डिलीवरी कंपनी के माध्यम से भेजे जाने वाले सामान के पैकेट रखे जाते हैं। इसी दौरान वेयरहाउस में दो संदिग्ध पैकेट रखे होने की जानकारी मिली। दोनों पैकेट ओडिशा से बुक किए गए थे और उनकी डिलीवरी दिल्ली में होनी थी। पैकेटों को लेकर संदेह होने पर पुलिस ने वेयरहाउस पहुंचकर जांच की। इसके बाद दोनों पैकेटों की जांच कराई गई। जांच में उनके अंदर मादक पदार्थ गांजा होने की पुष्टि हुई। दोनों पैकेटों से करीब 20 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 10 लाख रुपये है।
विज्ञापन
पुलिस ने गांजे को कब्जे में ले लिया है। वेयरहाउस में मैनेजर के पद पर वसीम तैनात थे। पुलिस उनसे भी मामले के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही पैकेट बुक कराने वाले व्यक्ति, भेजने वाले और दिल्ली में इसकी डिलीवरी लेने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस लॉजिस्टिक कंपनी के रिकॉर्ड और कंसाइनमेंट से जुड़ी जानकारियों की पड़ताल कर रही है, ताकि मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े नेटवर्क का पता लगाया जा सके। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन
