नोएडा की राह आसान करेंगे दो नए मेट्रो रूट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नोएडा को दो नए मेट्रो रूट देने की तैयारी शुरू हो गई है। सेक्टर-71 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट और सेक्टर-44 से मयूर विहार तक मेट्रो विस्तार की संभावनाएं तलाशने का आदेश दे दिया गया है।
उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव आलोक रंजन ने शुक्रवार को यहां तीनों प्राधिकरणों की समीक्षा बैठक के दौरान मौजूदा परियोजनाओं में तेजी लाने और नए रूटों पर काम करने का निर्देश दिया।
सेक्टर-71 से नोएडा एक्सटेंशन के बीच करीब सात किलोमीटर और सेक्टर-44 से मयूर विहार तक करीब पांच किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन का प्रस्ताव है। मयुर विहार वाली लाइन का मकसद एक्सप्रेसवे से दिल्ली को जोड़ना है।
मुख्य सचिव ने तीनों प्राधिकरणों की बैठक में जल्द रिपोर्ट बनाने को कहा
इस लाइन के बन जाने पर एक्सप्रेसवे से सटे सेक्टर-16ए, सेक्टर-15ए, सेक्टर-14ए सीधे मयूर विहार एक्सटेंशन से जुड़ जाएंगे। बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने प्राधिकरण के अधिकारियों को डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट जल्द बनाकर देने को कहा है।
बैठक में प्राधिकरण के चेयरमैन रमा रमण, यमुना प्राधिकरण के सीईओ पीसी गुप्ता समेत नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण के अन्य अधिकारी शामिल रहे।
इस दौरान मौजूदा परियोजनाओं पर भी चर्चा हुई। प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि सेक्टर-32 से सेक्टर-62 के बीच मेट्रो का काम दिसंबर में शुरू हो जाएगा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो के लिए एसपीवी बना दी गई है और बॉटेनिकल गार्डन से कालिंदी कुंज के बीच प्रस्तावित मेट्रो लाइन पर काम शुरू हो चुका है।
उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव आलोक रंजन ने बताया कि मेट्रो की प्रस्तावित योजनाओं को शासन से अनुमोदन मिल चुका है। इनका काम जल्द शुरू हो जाएगा। इसके अलावा नई मेट्रो लाइनों के लिए जल्द डीपीआर बनाने को कहा गया है।