इकलाख हत्याकांड का नौवां आरोपी गिरफ्तार, सभी ने कबूला सच
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इकलाख हत्याकांड में फरार चल रहे नौवें आरोपी को जारचा पुलिस ने सोमवार को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। वह दिल्ली से कहीं बाहर भागने की फिराक में था।
सोमवार शाम पुलिस ने उसे आईएसबीटी बस अड्डे से पकड़ लिया। आरोपी नाबालिग है, जिसे मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस मामले में दस नामजद में से अभी एक आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अनुराग सिंह ने बताया कि जारचा कोतवाली क्षेत्र के बिसाहड़ा गांव में 28 सितंबर को 55 वर्षीय बुजुर्ग इकलाख की हत्या के मामले में दस युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
दसवां आरोपी अब भी गिरफ्तार
वहीं टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों ने ये कबूल कर लिया है कि वो इकलाख को मारने उमड़ी भीड़ का हिस्सा थे। वारदात के बाद पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।
इनमें विवेक, श्रीओम, सौरभ, गौरव, संदीप और रुपेंद्र शामिल हैं। इनकी गिरफ्तारी के दो दिन बाद पुलिस ने विशाल और शिवम को गिरफ्तार किया था। इनमें से विशाल स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता का बेटा है।
पुलिस ने अपनी जांच को आगे बढ़ाते हुए सोमवार को मामले का नौवां आरोपी भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक मुखबिर की सूचना और आरोपी की मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसे ट्रेस किया जा रहा था।
आरोपी ने इसी साल दी है 12वीं की परीक्षा
पुलिस की पांच सदस्यीय टीम ने सोमवार शाम आईएसबीटी पर बस का इंतजार कर रहे आरोपी को दबोच लिया। सीओ ने बताया कि इस मामले में अब दसवें आरोपी हरिओम की गिरफ्तारी शेष है।
उन्होंने बताया कि क्राइम ब्रांच के साथ जारचा थानाध्यक्ष सुबोध कुमार भी आरोपी की तलाश में पीछा कर रहे थे। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी नाबालिग है और उसने इसी साल 12वीं की परीक्षा दी है। उसका एक भाई इस मामले में पहले ही गिरफ्तार हो चुका है। उसके पिता इलेक्ट्रॉनिक्स रिपेयरिंग की दुकान करते हैं। दोनो लड़के भी उनका हाथ बटाते थे।