Weather News: दिल्ली-एनसीआर में ठंडी हुईं रातें, न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री तक लुढ़का
दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 34.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
विस्तार
दिल्ली-एनसीआर में सुबह-शाम ठंड ने दस्तक दे दी है, रातें भी ठंडी होने लगी हैं। न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री नीचे लुढ़क गया है। दिल्ली के रिज मौसम केंद्र पर तो मंगलवार को न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। इस सप्ताह के अंत तक तक अधिकतम तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग की मानें तो दीवाली आते-आते तापमान में और अधिक गिरावट होने की संभावना है।
दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 34.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में धूप खिली रहने से हल्की गर्मी का अहसास हुआ। शाम होते-होते ठंडक हो गई। वहीं पहाड़ों में हल्की बर्फबारी की शुरूआत हो चुकी है। इसका असर दिल्ली एनसीआर में देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री रहने की संभावना है। आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे।
17 अक्तूबर से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज होने लगेगी। अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16-17 डिग्री के बीच बना रहेगा। कहा जा रहा है कि 25 अक्तूबर के बाद से सुबह-शाम अच्छी सर्दी का अहसास होने लग जाएगा। इसके साथ ही सर्दी बढऩे लग जाएगी। अमूमन 22 अक्तूबर तक अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है। लेकिन इस बार पहले ही न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी जा रही है।
अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस
16 अक्तूबर को सूर्यास्त शाम 5 बजकर 50 मिनट
17 अक्तूबर को सूर्योदय सुबह 6 बजकर 23 मिनट