{"_id":"6b09da232aeae36bf402e277","slug":"delhi-two-youths-including-a-minor-stabbed-to-death-within-12-hours-2026-11-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली: 12 घंटे में नाबालिग समेत दो युवकों की चाकू मारकर हत्या, खून-खराबे के बाद कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली: 12 घंटे में नाबालिग समेत दो युवकों की चाकू मारकर हत्या, खून-खराबे के बाद कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
Sat, 28 Nov 2026 01:07 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sat, 28 Nov 2026 01:07 AM IST
सार
पहली वारदात में बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे शकूरपुर गांव में 17 वर्षीय नौशाद की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वहीं, दूसरी घटना में देर रात करीब एक बजे शकूरपुर निवासी 28 वर्षीय योगेश को गाड़ी चलाने को लेकर हुए विवाद में चाकू से गोदकर मौत के घाट उतारा गया।
विज्ञापन
demo
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के सुभाष प्लेस थाना क्षेत्र में महज 12 घंटे के भीतर चाकू मारकर दो युवकों की हत्या कर दी गई। पहली वारदात में बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे शकूरपुर गांव में 17 वर्षीय नौशाद की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वहीं, दूसरी घटना में देर रात करीब एक बजे शकूरपुर निवासी 28 वर्षीय योगेश को गाड़ी चलाने को लेकर हुए विवाद में चाकू से गोदकर मौत के घाट उतारा गया। लगातार हुई इन दो वारदातों ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
विज्ञापन
बहन से दोस्ती को लेकर हुआ था विवाद, किशोर की हत्या
पहली घटना बृहस्पतिवार दोपहर शकूरपुर गांव में हुई। यहां मामूली कहासुनी के बाद हुए विवाद में 17 वर्षीय नौशाद पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर हालत में उसे भगवान महावीर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में सुभाष प्लेस थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की हत्या संबंधी धारा के तहत केस दर्ज किया है।
विज्ञापन
पुलिस ने इस हत्याकांड में तीन आरोपियों को पकड़ा है। इनमें दो नाबालिग और 21 वर्षीय अतीकुर रहमान शामिल हैं। उत्तर-पश्चिमी जिले की उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में हत्या की वजह मृतक की बहन से दोस्ती को लेकर हुआ विवाद सामने आया है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
विज्ञापन
तेज रफ्तार कार चलाने से रोका तो गर्दन पर चाकू से किए कई वार
दूसरी वारदात उसी रात करीब एक बजे हुई। शकूरपुर निवासी योगेश शादी से लौटने के बाद अपने दोस्तों के साथ जेजे कॉलोनी के जी-ब्लॉक रोड पर खड़ा था। इसी दौरान कार में सवार छह लोगों से तेज रफ्तार में गाड़ी चलाने को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। विवाद के बाद कार सवार वहां से चले गए, लेकिन कुछ दूर जाने के बाद यू-टर्न लेकर वापस लौट आए। आरोप है कि कार में सवार एक व्यक्ति ने चाबी के छल्ले में लगे छोटे चाकू से योगेश की गर्दन पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल योगेश की मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, योगेश सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था।
परिवार की आर्थिक मदद करने और अपने सपने को पूरा करने के लिए वह पढ़ाई के साथ-साथ स्कूल वैन भी चलाता था। उसकी हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उत्तर-पश्चिमी जिले की उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि मृतक और आरोपी एक-दूसरे को जानते थे और एक ही इलाके के रहने वाले हैं। मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस आरोपियों की भूमिका और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के साथ ही वारदात में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
लगातार चाकूबाजी ने कानून-व्यवस्था पर लोगों ने उठाए सवाल
एक ही थाना क्षेत्र में महज 12 घंटे के भीतर दो युवकों की चाकू मारकर हत्या होना राजधानी की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। दोनों ही वारदातों में विवाद की वजह मामूली बताई जा रही है, लेकिन उनका अंजाम हत्या के रूप में सामने आया। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर मामूली कहासुनी के बाद आरोपी इतनी आसानी से चाकू निकालकर जानलेवा हमला करने की हिम्मत कैसे जुटा लेते हैं।
एक मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ने का दावा किया है, जबकि दूसरे मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि, वारदात के बाद आरोपियों की धरपकड़ पुलिस की कार्रवाई का हिस्सा है, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पहले से क्या इंतजाम किए गए हैं।
