मॉक ड्रिल: हवाई हमले की चेतावनी से ब्लैकआउट तक, दिल्ली में 4217 स्वयंसेवकों ने किया आपदा प्रबंधन का अभ्यास
नागरिक सुरक्षा बल के 4217 स्वयंसेवकों ने इस अभ्यास में हिस्सा लेकर हवाई हमले की चेतावनी, ब्लैकआउट, इमारत ढहने, आग लगने और मलबे में लोगों के दबने जैसी परिस्थितियों में बचाव एवं राहत कार्यों का अभ्यास किया।
विस्तार
दिल्ली में हवाई हमले और दुश्मन के हमले जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए शुक्रवार को सभी 13 जिलों में एक साथ मॉक ड्रिल की गई। नागरिक सुरक्षा बल के 4217 स्वयंसेवकों ने इस अभ्यास में हिस्सा लेकर हवाई हमले की चेतावनी, ब्लैकआउट, इमारत ढहने, आग लगने और मलबे में लोगों के दबने जैसी परिस्थितियों में बचाव एवं राहत कार्यों का अभ्यास किया। इसका उद्देश्य युद्ध जैसी स्थिति में प्रशासन, नागरिक सुरक्षा बल और आम लोगों के बीच तालमेल परखना और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को मजबूत करना था।
#WATCH | Delhi: Civil Defence conducts an emergency preparedness mock drill at 13 locations across delhi, stimulates air strike like situation at the DLF Imperial Mall, Vasant Kunj https://t.co/zLMJLbGv50
— ANI (@ANI) November 27, 2026
अस्पताल से मेट्रो स्टेशन तक परखी तैयारी
अभ्यास के लिए दिल्ली के कई प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को चुना गया। इनमें इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल, जसोला, धौला कुआं मेट्रो स्टेशन, कश्मीरी गेट आईएसबीटी, गफ्फार मार्केट, विकासपुरी स्थित रिलायंस मॉल और डीएलएफ मॉल शामिल रहे। इसके अलावा एलपीजी गैस गोदाम और दिल्ली जल बोर्ड के बूस्टर पंप जैसी जगहों पर भी आपात स्थिति के परिदृश्य तैयार किए गए। गैस गोदाम में अज्ञात विस्फोटक वस्तु (यूएक्सबी) मिलने और बूस्टर पंप की इमारत क्षतिग्रस्त होने के साथ आग लगने जैसी स्थिति दिखाई गई। वहीं, इमारत ढहने और उसके मलबे में कई लोगों के फंसे होने का परिदृश्य बनाकर बचाव अभियान चलाया गया।
सायरन और ब्लैकआउट में कैसे बचाएं जान
मॉक ड्रिल के दौरान स्वयंसेवकों ने लोगों को बताया कि हवाई हमले की चेतावनी या ब्लैकआउट जैसी स्थिति में घबराने के बजाय संयम और समझदारी से काम लेना चाहिए। सुरक्षित स्थानों तक पहुंचने, जरूरी सावधानियां बरतने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने के बारे में जागरूक किया गया। इस दौरान लोगों को यह भी समझाया गया कि आपदा के समय अफवाहों और घबराहट से बचना कितना जरूरी है।
बचाव से प्राथमिक उपचार तक का अभ्यास
अभ्यास में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, मलबे में फंसे लोगों की तलाश, घायलों को बाहर निकालने, प्राथमिक उपचार देने, आग बुझाने और हताहतों को संभालने की प्रक्रिया अपनाई गई। ब्लैकआउट की स्थिति में जरूरी सुरक्षा प्रक्रियाओं का भी अभ्यास किया गया। पूरी कवायद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की निगरानी और नागरिक सुरक्षा निदेशक व मंडलायुक्त के पर्यवेक्षण में हुई। दिल्ली राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी 13 जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरणों के साथ समन्वय किया। जिलों में संबंधित जिलाधिकारियों की निगरानी में अभ्यास कराया गया।
