Delhi: खालिस्तानी समर्थकों के प्रदर्शन मामले की अब एनआईए करेगी जांच, अभी तक दिल्ली पुलिस कर रही थी पड़ताल
विदेश मंत्रालय ने लंदन में भारतीय दूतावास पर हुए प्रदर्शन के बाद कार्रवाई करने के लिए केंद्रीय गृहमंत्रालय को पत्र लिखा था। इस पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उचित कानूनी कार्रवाई करने के लिए दिल्ली पुलिस को आदेश दिया था।
विस्तार
लंदन में भारतीय दूतावास के बाहर खालिस्तानी समर्थकों के प्रदर्शन और देश के झंडे का अपमान करने वालों के खिलाफ दर्ज मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी(एनआईए) को दे दी गई है। गृहमंत्रालय के आदेश पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने भारतीय दूतावास के समक्ष प्रदर्शन करने वाले खलिस्तानी व उनके समर्थकों के खिलाफ 24मार्च को मुकदमा दर्ज किया था। इन खालिस्तान समर्थकों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी), यूएपीए और पीडीपीपी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर किया गया था।
विदेश मंत्रालय ने लंदन में भारतीय दूतावास पर हुए प्रदर्शन के बाद कार्रवाई करने के लिए केंद्रीय गृहमंत्रालय को पत्र लिखा था। इस पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उचित कानूनी कार्रवाई करने के लिए दिल्ली पुलिस को आदेश दिया था।
दिल्ली पुलिस ने आईपीसी, यूएपीए और पीडीपीपी की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। अब इस मामले की जांच स्पेशल सेल से लेकर एनआईए को सौंप दी गई है। सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर भारतीय दूतावास के बाहर प्रदर्शन करने वाले वो लोग हैं, जो भारत के नागरिक हैं और विदेशों में रहकर देशविरोधी गतिविधियों में लिप्त हैं। सुरक्षा एजेंसियों को प्रदर्शन की कुछ वीडियो मिली हैं। स्पेशल सेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मामले की जांच एनआईए को सौंपे जाने की पुष्टि की है।