बच्ची खिलाने के बहाने उसे अपने कमरे में ले गया पड़ोसी
मोलाहेड़ा गांव में शनिवार रात तीन साल की बच्ची से पड़ोस में रहने वाले युवक ने दुष्कर्म किया। पुलिस ने गंभीर हालत में बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया।
रविवार देर शाम पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे दो दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। मूलरूप से समस्तीपुर (बिहार) निवासी बच्ची का परिवार पिछले काफी समय से मोलाहेड़ा गांव में रह रहा है।
बच्ची का पिता एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड है। बताया गया है कि उनके कमरे के पास स्थित दूसरे कमरे में मोहम्मद रहमुद्दीन (23) रहता था।
उद्योग विहार स्थित एक कंपनी में टेलरिंग का काम करने वाला मोहम्मद रहमुद्दीन का बच्ची के घर पर आना-जाना था। शनिवार रात करीब 9:30 बजे वह बच्ची के कमरे पर आया और खिलाने के बहाने उसे अपने कमरे में ले गया।
और खिसक गई परिजनों के पैरों तले की जमीन
करीब एक घंटे बाद जब बदहवास हालत में बच्ची लौटी तो परिजनों के पैरों तले की जमीन खिसक गई। देर रात परिजन बच्ची को लेकर पुलिस के पास पहुंचे, जहां से उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया।
मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पालम विहार थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया।
रविवार को उसे गुड़गांव से ही गिरफ्तार कर लिया गया। देर शाम उसे ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप कुमार के मुताबिक आरोपी से पूछताछ की जा रही है।