'भारत में बनी सरकारों में मोदी सरकार सबसे बेहतर'
भारत में अब तक जितनी भी सरकारें बनी हैं, उनमें सबसे बेहतर मोदी के नेतृत्व वाली सरकार है। वह अच्छा काम कर रही है।
कुछ लोग हैं, जो मोदी को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। यही वजह है कि वे लोग उनके खिलाफ काम कर रहे हैं। ये बातें शनिवार को अभिनेता अनुपम खेर ने प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।
वे सिरी फोर्ट ऑडिटोरियम में आयोजित उनके जीवन पर आधारित नाटक ‘कुछ भी हो सकता है’ के मंचन कार्यक्रम में भाग लेने आए थे।
'बेवजह लोग लगा रहे आक्षेप'
अनुपम ने कहा कि मोदी सरकार अपना काम बेहतर तरीके से कर रही है। बेवजह लोग सरकार पर आक्षेप लगा रहे हैं। उन्होंने ये बातें तब कही, जब कला और साहित्य जगत का एक धड़ा मोदी सरकार के खिलाफ खुलकर सामने आ गया है।
कुछ लोग साहित्य से जुड़े अपने पुरस्कारों को भी वापस लौटा चुके हैं। खेर ने अपने नाटक ‘कुछ भी हो सकता है’ के बारे में बताया कि यह उनके जीवन पर आधारित नाटक है।
वे देश ही नहीं विदेशों में भी इसका मंचन कर चुके हैं। अनुपम ने कहा कि जीवन में कभी भी, कुछ भी हो सकता है, व्यक्ति को हार नहीं माननी चाहिए। यह नाटक भी इसी पर आधारित है।