मिनी ट्रक-बाइक आमने-सामने भिड़ीं, तीन की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजौरी गार्डन इलाके में बृहस्पतिवार देर रात मिनी ट्रक और एक पल्सर बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक पर सवार तीन युवकों की मौत हो गई। घटना के समय तीनों युवक राजौरी गार्डन में रहने वाले अपने एक दोस्त से मिलकर उत्तम नगर स्थित घर आ रहे थे।
पुलिस ने तीनों युवकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार देर रात करीब एक बजे पुलिस को सूचना मिली कि राजौरी गार्डन स्थित राजधानी कॉलेज के पास ट्रक और बाइक में टक्कर हो गई है।
जिसमें तीन युवक जख्मी हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। उत्तम नगर के आनंद विहार निवासी निशांत (20) की मौके पर ही मौत हो गई।
मरने वाले तीनों युवक दोस्त थे
पुलिस ने ओम विहार निवासी मनीष (19) और दाल मिल निवासी योगेश (20) को जख्मी हालत में इलाज के लिए पास के अस्पताल में पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की।
जांच में पता चला कि मरने वाले तीनों युवक दोस्त थे। बृहस्पतिवार रात तीनों पल्सर बाइक से अपने दोस्त से मिलने के लिए राजौरी गार्डन गए थे। घटना के समय घर की ओर आ रहे थे। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि युवकों ने शराब का सेवन किया था या नहीं।
पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक मोहम्मद इम्तियाज को गिरफ्तार कर लिया है। वह रघुवीर नगर का रहने वाला है। राजौरी गार्डन थाना पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने से हुई मौत का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
युवकों ने नहीं पहना था हेल्मेट
घटनास्थल पर मुआयना करने के दौरान पुलिस को पता चला कि बाइक सवार युवकों ने हेल्मेट नहीं पहन रखा था। जिसकी वजह से तीनों युवकों को सिर में गंभीर चोट लगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हेल्मेट पहना होता तो शायद जान सकती थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि घटना के समय ट्रक और बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर लगने के बाद बाइक के परखच्चे उड़ गए।
बाइक ट्रक के भीतर घुसकर उसके एक्सल में फंस गई। जिसकी वजह से ट्रक का एक्सल भी मुड़ गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना टी प्वाइंट पर हुआ। आशंका है कि घटना के समय दोनों वाहन चालक एक दूसरे को नहीं देख पाए।
परिवार वालों को सुबह दी गई जानकारी
निशांत के भाई ऋषभ ने बताया कि पुलिस ने शुक्रवार सुबह उन लोगों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि निशांत का एक्सीडेंट हो गया है और वह डीडीयू अस्पताल में भर्ती है।
परिवार के सभी सदस्य वहां पहुंचे। जहां पता चला कि निशांत की मौत व उसके दोनों दोस्तों की मौत हो चुकी थी। ऋषभ ने बताया कि निशांत कोई काम नहीं करता था।
जबकि मनीष प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था और योगेश पढ़ाई कर रहा था। ऋषभ के मुताबिक बड़ा भाई अक्सर अपने दोस्तों के साथ बाइक से घूमने के लिए जाता था।