पति से बोली पत्नी- पहले बनवाओ शौचालय तभी आऊंगी ससुराल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पति के घर में शौचालय नहीं होने से नाराज एक विवाहिता अपने मायके आ गई। काफी मान मनौव्वल के बाद भी जब विवाहिता ससुराल जाने के लिए राजी नहीं हुई तो पति ने पंचायत का सहारा लिया।
महिला ने खुली पंचायत में यह स्पष्ट कर दिया कि शौचालय बनने के बाद ही वह पति के घर जाएगी। पति ने सात दिन के भीतर शौचालय बनवाने की बात कही है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव गंगेरुआ निवासी मीनाक्षी पुत्री नानक की शादी गाजियाबाद के गांव डूडाहेड़ा निवासी मुकेश के साथ करीब चार साल पहले हुई थी। मुकेश पहले संयुक्त परिवार में रहता था।
पिछले माह बंटवारा होने के कारण शौचालय दूसरे भाई के हिस्से में चला गया। इसके बाद मीनाक्षी को खुले में शौच करने के लिए मजबूर होना पड़ा। इससे नाराज होकर मीनाक्षी अपने मायके आ गई।
सात दिन में बनवाना होगा शौचालय
मुकेश लगातार मीनाक्षी को वापस घर बुलाने का प्रयास करता रहा लेकिन मीनाक्षी ने बिना शौचालय बनवाए सुसराल जाने से इंकार कर दिया। रविवार को मुकेश गंगेरुआ आया और मीनाक्षी को गांव ले जाने का प्रयास करने लगा।
इसके बाद गांव में प्रधान राकेश कुमार की मौजूदगी में पंचायत की गई। पंचायत में मीनाक्षी ने बिना शौचालय बनवाए सुसराल जाने से साफ इंकार कर दिया।
तय हुआ कि मीनाक्षी का पति अपने घर में शौचालय का निर्माण कराएगा, इसके बाद ही वह सुसराल जाएगी। पति मुकेश ने सात दिन में शौचालय बनवाने की बात कही है। इस पर पंचों ने सहमति जताई है।
मीनाक्षी का तर्क बिल्कुल ठीक है। जब तक सुसराल में शौचालय नहीं होगा, तब तक वह घर नहीं जाएगी। मीनाक्षी से सभी को सबक लेने की जरूरत है। मीनाक्षी के पति ने सात दिन में शौचालय बनवाने का आश्वासन दिया है।