{"_id":"5761a6f34f1c1be53811b77d","slug":"many-villages-do-not-have-electricity-from-a-week","type":"story","status":"publish","title_hn":"एक सप्ताह से नहीं है कई गांवों में बिजली, पानी संकट भी गहराया","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
एक सप्ताह से नहीं है कई गांवों में बिजली, पानी संकट भी गहराया
ब्यूरो/अमर उजाला, गुड़गांव
Updated Thu, 16 Jun 2016 01:42 AM IST
विज्ञापन
मेवात में आंधी के कारण एक सप्ताह पहले बाधित हुई दर्जन भर गांवों की बिजली सप्लाई अभी भी सुचारू नहीं हो पाई है। ग्रामीण अंधेरे में रात गुजार रहे हैं। शिकायत के बाद भी परेशानी का हल नहीं हो पा रहा है। जिसकी वजह से लोगों में रोष है।
विज्ञापन
काबिलेगौर हैं कि जिला मेवात में 22 मई से लेकर 11 जून तक बीच-बीच में आए अंधड़ के कारण बिजली महकमे के तावडू, नूंह, पुन्हाना, नगीना व फिरोजपुर झिरका में सैकड़ों बिजली के खंभे, दर्जन भर से अधिक विद्युत ट्रांसफार्मर व तार टूट गए थे। सबसे अधिक कहर तावडू और नगीना सब डिवीजन में देखने को मिला।
विज्ञापन
बिजली के पोल व विद्युत ट्रांसफार्मर गिरने के कारण क्षेत्र के गांवों में बिजली संकट पैदा हो गया। कुछ गांवों की सप्लाई जहां 24-48 घंटे बाधित रही वहीं नगीना खंड के दर्जन भर गांवों की बिजली अभी भी पूरे तरीके से सुचारू नहीं हो पाई है। जिसके कारण रमजान के महीने में रोजा रखने वाले रोजेदारों को सबसे अधिक परेशानी से जूझना पड़ रहा है। जिन्हें गर्मी के मौसम में बिना बिजली के सहरी व इफ्तियार करने के साथ-साथ नमाज पढ़ने में जहमत का सामना करना पड़ रहा है।
विज्ञापन
परेशान लोगों का आरोप है कि अधिकारी बिजली चोरी की बात कहकर व्यवस्था को दुरुस्त करने में आनाकानी कर रहे हैं। मेवात उपायुक्त मनीराम शर्मा का साफ कहना है कि ऐसा कोई नियम या निर्देश नहीं कि रमजान में चोरी करने वालों को बिजली दी जाए। उन्होंने कहा कि बिजली मांगने से पहले ग्रामीण प्रशासन के सामने गांव में घराें की संख्या, बिजली कनेक्शनों की संख्या व बिल नहीं भरने वालो लोगों का ब्यौरा दें। ताकि समस्या पर ध्यान दिया जा सके।
अधिवक्ता सलामुदीन, इमरान खान, रमजान एडवोकेट का कहना है कि चोरी करने वाले लोगों पर निगम व प्रशासन को शिकंजा कसना चाहिए। ऐसा कोई कानून नहीं की बिजली चोरी करने वाले लोगों की वजह से नियमति रूप से बिल भरने वाले लोगों को बिजली नहीं मिले। कांग्रेसी नेता एवं पूर्व मंत्री चौ. आफताब अहमद का कहना है कि प्रदेश सरकार रमजान के महीने में बिजली पानी उपलब्ध कराने में पूरी तरह फेल है।
परेशान ग्रामीण एसडीओ से मिले
गांव चाहलका के ग्रामीण बुधवार को तावडू उपमंडल कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने एसडीओ से मिल कर उन्हें बिजली की समस्या से अवगत कराया। एसडीओ ने ग्रामीणों की समस्या का शीघ्र निवारण करने का आश्वाशन दिया है। सरपंच आबिदा, तालिब हुसैन, अक्ष्तर अली, सहीदा, रज्जाक, इसब, अलीजान, जाकिर हुसैन व आस मोहम्मद ने बताया कि रमजान के महीने में बिजली की समस्या से वह बेहद परेशान हैं। क्षेत्र में बिजली शेडयूल के तहत न चलकर दिन में एक-दो घंटे ही आ रही है। जब बिजलीघर में बात करते है तो कर्मचारी ओवर लोड की कह कर पल्लू झाड़ लेते हैं। सरपंच आबिदा का कहना है कि जब सहरी व रोजा इफ्तियारी का वक्त होता है, उस समय अधोषित कट लगाए जाते हैं।