विधानसभा सत्र: 'कस्टडी के दौरान अफसरों ने बताया, भाजपा वाले ED-CBI के पीछे पड़े थे...' सदन में बोले सिसोदिया
मनीष सिसोदिया ने सदन में कहा कि भाजपा के तमाम कुचक्रों और साजिशों के बावजूद आज मैं सीना चौड़ा करके खड़ा हूं, क्योंकि मैंने अपना काम ईमानदारी से किया है।
विस्तार
दिल्ली विधानसभा सत्र के दूसरे दिन आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री और विधानसभा के सदस्य मनीष सिसोदिया ने भाजपा पर निशाना साधते हुए संबोधन के दौरान कहा कि चोरों की आंख में आंख डालकर कह रहे हैं, छोड़ेंगे नहीं तुमको। भाजपा के तमाम कुचक्रों और साजिशों के बावजूद आज मैं सीना चौड़ा करके खड़ा हूं, क्योंकि मैंने अपना काम ईमानदारी से किया है। देश में कानून का राज है, यही वजह है कि आज मैं यहां खड़ा हूं। अगर इनका राज होता, तो मैं जेल में सड़ रहा होता।
मनीष सिसोदिया ने कहा कि विपक्षी नेताओं और व्यापारियों के खिलाफ सीबीआई, ईडी जैसी एजेंसियों के दुरुपयोग पर आज पूरे देश में, कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक जनता भाजपा को कोस रही है। पूरी दुनिया में जो क़ानून आतंकवादियों और ड्रग माफियाओं पर लगाए जाते हैं, वही क़ानून बीजेपी वालों ने मुझ पर और पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पर लगाकर जेल भेजा।
उन्होंने कहा कि बात सिर्फ़ हमारी नहीं है, 2015 से हमारी पार्टी के नेताओं और विधायकों पर किस तरह और कितने झूठे केस लगाए, इनमें से कुछ का ज़िक्र मैंने आज दिल्ली विधानसभा में किया। मुझे कस्टडी में रखकर पूछताछ करने वाले अफसरों ने बताया कि भाजपा वाले ईडी-सीबीआई के पीछे पड़े हुए थे कि कथित शराब घोटाले को 10 हजार करोड़ का घोटाला बनाओ। लेकिन जांच एजेंसियों के अफसरों ने कहा कि जब किसी के पास से एक भी चवन्नी नहीं मिली, तो कैसे बना दें?
असली नुकसान दिल्ली और देश को हुआ
मनीष सिसोदिया ने आगे कहा, मुझे 17-18 महीने जेल में रखा गया और इसका असली नुकसान दिल्ली और देश को हुआ। दिल्लीवालों ने भरोसा करके अरविंद केजरीवाल को मुख्यमंत्री बनाया, और उन्होंने मुझे शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी दी। अगर मैं जेल के बाहर होता, तो इनकी तानाशाही के खिलाफ और आवाजों के साथ मिलकर अपनी आवाज मुखर कर सकता था।