फुटपाथ पर सो रहे 13 लोगों को कार ने कुचला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के निगमबोध घाट के पास रविवार रात तेज रफ्तार कार ने डिवाइडर पर सो रहे 13 लोगों कुचल दिया। इसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार की हालत गंभीर है। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के समय वह नशे में था।
पुलिस के अनुसार वेस्ट विनोद नगर निवासी ऋषि कुमार प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। रविवार रात वह जहांगीरपुरी इलाके से अपनी भाभी को लेकर महिंद्रा क्वांटो कार से वेस्ट विनोद नगर जा रहा था। निगमबोध घाट के पास कार को गीता कालोनी की तरफ मोड़ रहा था, लेकिन रफ्तार तेज होने के चलते वह कार को नियंत्रित नहीं कर पाया।
शराब के नशे में था ड्राइवर
इससे कार डिवाइडर पर चढ़ गई और वहां सो रहे 13 लोगों को कुचल दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सुश्रुत ट्रॉमा सेंटर, बाड़ा हिंदुराव और लोक नायक अस्पताल पहुंचाया। इनमें इकराज (20) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वह नेपाल का रहने वाला था और कश्मीरी गेट इलाके में मजदूरी करता था।
पांच घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि पृथ्वी, राजकुमार, गौतम, रजनीश, दलाल और बंशी सहित एक अन्य का उपचार चल रहा है। इनमें से चार की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस को मौके पर ही कार चालक ऋषि कुमार मिल गया। कार का रजिस्ट्रेशन उसके भाई संजय के नाम से पर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मौत को अपनी तरफ आते देखा
कूड़ा बीनकर जिंदगी बसर करने वाला मोहन ने बताया कि वह भी अन्य लोगों की तरह सड़क के किनारे पटरी पर सो रहा था। तेज आवाज होने पर जैसे ही उसकी आंख खुली, उसने कार को अपनी ओर आते देखा।
मौत को काफी नजदीक देखकर उसके हाथ-पांव काम नहीं कर रहे थे, लेकिन किसी तरह हिम्मत कर वह वहां से उठकर भागा। मोहन के मुताबिक कार चढ़ने की वजह से कई लोगों के पैर और हाथ टूट गए हैं और कई के भागने के क्रम में और कार की चपेट में आने से सिर में भी चोट लगी है।
छह माह में हो चुकी हैं इतनी घटनाएं
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने राजधानी के 129 ऐसे जगहों की पहचान की है, जहां ज्यादातर सड़क हादसे होते हैं। इनमें से दस ऐसी जगह है, जहां सड़क हादसों में कई लोगों की जान जा चुकी है। ट्रैफिक पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक इस वर्ष छह माह में निगमबोध घाट के पास 31 सड़क हादसों में 10 की जान जा चुकी है, जबकि कश्मीरी गेट में 33 सड़क हादसों में 13 लोगों की जान जा चुकी है।
वहीं मुकरबा चौक में 21 सड़क हादसों में 13, मुकुंदपुर में 22 सड़क हादसों में 12 की जान जा चुकी है। इसी तरह नांगलोई डीटीसी डिपो के पास 19 घटनाओं में 12 की मौत, जहांगीरपुरी में 18 सड़क हादसों में 12 की मौत, संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर में 17 घटनाओं में 11 की मौत, आजादपुर सब्जी मंडी के पास 22 घटनाओं में 11 की मौत, पंजाबी बाग चौक पर 21 घटनाओं में 10 की मौत और श्यामलाल कॉलेज के पास 21 घटनाओं में नौ की जान जा चुकी है।