अंतिम सेल्फी: फोटो लेने के चक्कर में यमुना में गिरा युवक, दूसरे ने लगाई छलांग; पुलिस कर रही दोनों की जांच
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। उत्तरी जिला पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की पड़ताल कर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तरी दिल्ली के तिमारपुर इलाके में शनिवार शाम सिग्नेचर ब्रिज से कूदकर एक युवक ने जान दे दी। वहीं दूसरे मामले में बुराड़ी इलाके में सेल्फी लेने के चक्कर में युवक यमुना के गहरे पानी में गिर गया। दोनों के शवों को पानी से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तिमारपुर मामले में मृतक की शिनाख्त रजत (27) के रूप में हुई हैं। वहीं बुराड़ी हादसे में मृतक की शिनाख्त दीपक (28) के रूप में हुई है। हादसे के समय वह रक्षा बंधन पर पत्नी के साथ ससुराल आया हुआ था। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। उत्तरी जिला पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की पड़ताल कर रही है।
पहला हादसा शुक्रवार शाम बुराड़ी इलाके में यमुना पुश्ते पर हुआ। यहां दीपक यमुना के बढ़ते जल स्तर को देखने के लिए आया हुआ था। इस बीच किनारे पर खड़ा होकर वह सेल्फी लेने लगा। अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह नीचे गहरे पानी में गिर गया। शोर शराबा हुआ तो वहां मौजूद कुछ लोग व वहां मौजूद गोताखोर उसे बचाने कूद गए। काफी मशक्कत के बाद दीपक को पानी से निकाल लिया गया, लेकिन वह अचेत हो गया। उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि दीपक अपनी पत्नी व परिवार के साथ समता विहार में रहता था। बुराड़ी के प्रधान एंक्लेव में उसकी ससुराल है। शुक्रवार शाम को वह पत्नी के साथ रक्षा बंधन पर ससुराल आया हुआ था। इस दौरान वह घर से बाहर घूमने निकल गया और हादसे का शिकार हो गया। बुराड़ी थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल है।
दूसरी वारदात तिमारपुर इलाके के सिग्नेचर ब्रिज पर हुई। शनिवार शाम को रजत नामक युवक ने ब्रिज से यमुना में छलांग लगा दी। यमुना का जल स्तर बढ़ने की वजह से वहां पर गोताखोर तैनात थे। फौरन वह भी पानी में कूद गए, लेकिन तब तक रजत डूब चुका था। गोताखोरों ने उसका शव पानी से निकाल लिया। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला है कि रजत परिवार के साथ गली नंबर-7, मूंगा नगर, करावल नगर में रहता था। इसके परिवार में पिता राकेश, मां दो बहनें व अन्य सदस्य हैं। रजत पढ़ाई करने के अलावा करोल बाग में एक ज्वेलर के पास नौकरी करता था। शनिवार सुबह वह परीक्षा के लिए घर से 9.00 बजे निकला था। इस बीच वापस लौटते समय वह 5.00 बजे उसने यमुना में छलांग लगा दी। उसने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।