‘मैडम, वर्दी का रौब मत दिखाओ, या तो एसीपी साहब से बात करो या...'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यातायात पुलिस के चेकिंग अभियान के दौरान बिना हेलमेट पहने स्कूटी चला रही महिला पुलिसकर्मी को जब यातायात पुलिसकर्मियों ने रोका तो उसने चालान काट रहे हवलदार को पहले स्टाफ की दुहाई दी, फिर रौब दिखाया। इस पर हवलदार को कहना ही पड़ा कि मैडम! वर्दी का रौब हमें मत दिखाओ...या तो एसीपी साहब से बात कर लो, नहीं तो चालान कटवाओ। इसके बाद महिला पुलिसकर्मी चुपचाप चालान कटवाकर चलती बनी।
रविवार को सूरजकुंड रोड पर स्कूटी सवार नाबालिग की सड़क हादसे में मौत के बाद सोमवार को पुलिस आयुक्त अमिताभ सिंह ढिल्लो ने ट्रिपल राइडिंग (एक वाहन पर तीन सवार), बिना हेलमेट, नाबालिग द्वारा वाहन चलाना सहित बिना नंबर प्लेट के वाहनों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाने के आदेश दिए।
सोमवार सुबह 11 से 4 बजे तक शहर के सभी प्रमुख चौक चौराहों पर अभियान चलाया गया। अजरौंदा चौक पर एसीपी ट्रैफिक रविंद्र कुंडू, एसएचओ हेमंत कुमार और रोड सेफ्टी ऑरगेनाइजेशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एसके शर्मा की देखरेख में अभियान चला।
इस दौरान बिना हेलमेट स्कूटी सवार एक महिला एएसआई को नीलम फ्लाइओवर से उतरकर सेक्टर-12 की तरफ जाने के दौरान चेकिंग कर रहे पुलिस कर्मियों ने अजरौंदा चौक पर रोक लिया। पुलिसकर्मियों ने महिला की स्कूटी साइड खड़ी करवा कर चालान काट रहे पुलिसकर्मियों के पास भेज दिया।
महिला ने चालान काट रहे हवलदार को स्टाफ का होने की दुहाई थी, फिर थोड़ा रौब भी दिखाया। मगर उन हवलदार साहब ने महिला को पीछे खड़े एसीपी ट्रैफिक रविंद्र कुंडू की तरफ इशारा करते हुए कहा कि साहब से बात कर लो, वो बोल देंगे तो मैं छोड़ दूंगा। एसीपी को देखकर महिला कुछ नहीं बोली और चुपचाप अपना चालान कटवाकर वहां से चली गईं।
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह के अनुसार सोमवार को विशेष चेकिंग अभियान के दौरान यातायात थाना पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के कुल 645 चालान किए गए। इनमें नाबालिग वाहन चालकों के 13, दोपहिया वाहन तीन सवारी के 114, बिना नंबर प्लेट के 18 तथा अन्य विभिन्न धाराओं के तहत 500 चालान किए गए। बताया जा रहा है कि कार पर नंबर प्लेट पर अपनी जाति लिखने तथा काली फिल्म चढ़ी एक कार का सर्वाधिक छह हजार रुपये का चालान किया गया है।