टैटू ने किया सभी को क्रेजी, टैटू कन्वेंशन में वीकेंड पर जमकर उमड़ी भीड़
सेक्टर-12 स्थित हुडा सभागार में चल रहे इंडिया इंटरनेशनल टैटू कन्वेंशन के दूसरे दिन युवाओं में टैटू बनवाने का खासा क्रेज दिखा। यहां दूरदराज से आए युवाओं ने अपने शरीर पर टैटू गुदवाए।
कई युवाओं ने अपने शहर के बड़े हिस्से को टैटू आर्ट से रंगवा दिया तो किसी ने माता-पिता के प्रति अपने प्यार का इजहार टैटू के माध्यम से किया। कई खेल प्रेमियों ने खेल से जुड़ी टैटू आर्ट का प्रदर्शन अपने शरीर पर किया।
वीकेंड होने की वजह से हुडा सभागार युवाओं की भीड़ से गुलजार दिखा। टैटू कन्वेंशन में इस बार 16 देशों के टैटू आर्टिस्ट आए हैं।
हॉलीवुड में भी स्मिथ का नाम
यूएसए के टैटू आर्टिस्ट स्मिथ का नाम हॉलीवुड से लेकर खेल की दुनिया तक में जाना जाता है। मशहूर रेसलर जेफ हार्डी व हॉलीवुड के कलाकारों के शहरी को अपनी कला के रंग में रंग चुके स्मिथ इस बार पांचवें इंडिया इंटरनेशनल टैटू कन्वेंशन में आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
स्मिथ जैसे ही स्टॉल के बाहर निकलते हैं, उनके साथ सेल्फी लेने वालों की भीड़ जमा हो जाती। स्मिथ कहते हैं कि उन्हें चित्रकारी का शौक था तो टैटू आर्टिस्ट बनकर नाम कमाया।
भोले के भक्त हैं इटली के क्लायूडियो
इटली से आए क्लायूडियो को दुनिया के सबसे अमीर टैटू आर्टिस्ट में शुमार किया जाता है। क्लायूडियो ने टैटू के जरिए शोहरत के साथ नाम भी खूब कमाया है।
इटली के क्लायूडियो को फ्रेंच भाषा का ज्ञान है लेकिन वह भोले बाबा के इतने बड़े भक्त हैं कि दो साल पहले उज्जैन के महाकालेश्वर के मंदिर से खरीदी हुई रुद्राक्ष की माला आज तक पहने हुए हैं।
वह जब भी किसी भारतीय व्यक्ति से मिलते हैं तो जय भोले और नमस्ते कहकर ही मिलते हैं।
बेस्ट टैटू अवार्ड से नवाजे गए इविन
नार्वे से आए इविन का कहना है कि उन्हें बचपन से ही टैटू बनवाने का शौक था। इसी शौक ने उन्हें टैटू कलाकार बना दिया। इविन को कई बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवार्ड मिल चुके हैं।
इविन की खासियत यह है कि वह अपने शरीर पर खुद से टैटू बनाते हैं। जबकि अन्य कलाकारों के लिए यह एक सपने जैसा होता है। इसलिए कन्वेंशन में आयोजित बेस्ट टैटू प्रतियोगिता में इविन को प्रथम पुरस्कार से नवाजा गया है।
उन्होंने कहा कि यहां आकर उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है। यहां के युवाओं को टैटू से प्यार है, यह देखकर अच्छा लग रहा है।