लेजर वैली और एवीजे हाइट्स में छा सकता है अंधेरा, लाखों का बिजली बिल बकाया
ग्रेनो वेस्ट की लेजर वैली और ग्रेनो की एवीजे हाइट्स सोसायटी में अंधेरा छा सकता है। दोनों सोसायटी के बिजली बिल का भुगतान नहीं हो रहा है। दरअसल, गैंगस्टर लगने के बाद से एवीजे बिल्डर फरार है। वहीं, लेजर वैली प्रोजेक्ट आम्रपाली ग्रुप का है। जिसका मामला अभी सुप्रीम कोर्ट में है।
उच्चतम न्यायालय ने बिल्डर के सभी बैंक अकाउंट सीज कर दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, लेजर वैली प्रोजेक्ट में 850 विला है। 200 विला में खरीदारों को कब्जा मिल चुका है। वह यहां रह भी रहे हैं। सोसायटी के बिल का भुगतान बिल्डर ही कर रहा था, लेकिन पिछले दो माह से भुगतान नहीं किया गया है।
सोसायटी पर 55 लाख रुपये का बकाया है। एनपीसीएल ने कई बार नोटिस जारी किया, लेकिन बिल्डर ने भुगतान नहीं किया। फिलहाल कंपनी सुप्रीम कोर्ट के फैसले का इंतजार कर रही है। वहीं, सोसायटी के लोग भी एनपीसीएल में संपर्क कर रास्ता निकालने की कोशिश कर रहे हैं।
बिल्डर फरार, 60 लाख बकाया
सेक्टर जीटा वन की एवीजे हाइट्स सोसायटी पर दो माह का 60 लाख रुपये बिजली बिल बकाया है। गैंगस्टर लगने के बाद से बिल्डर फरार है। एनपीसीएल ने साफ कर दिया है कि अगर बिल जमा नहीं किया तो आपूर्ति बंद कर दी जाएगी। वहीं, सोसायटी के लोगों ने एनपीसीएल अफसरों से संपर्क किया है।
उनका कहना है कि चार अगस्त से सोसायटी की अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन (एओए) ने कमान संभाली है। उसके बाद से जो बिजली का बिल बनेगा, उसका भुगतान एओए करेगी। जबकि, पुराने 60 लाख रुपये के बिल को बिल्डर जमा करेगा। एनपीसीएल ने इस पर साफ इंकार कर दिया है।
दोनों सोसायटी पर लाखों का बकाया है। बिल्डर की तरफ से कोई जवाब नहीं मिल रहा है। कंपनी बिना बिल भुगतान के बिजली आपूर्ति नहीं कर सकती। अगर भुगतान नहीं हुआ तो आपूर्ति बंद कर दी जाएगी। आम्रपाली पर सुप्रीम कोर्ट के अंतिम फैसले का इंतजार है।- सारनाथ गांगुली, जीएम, एनपीसीएल