'कानून तोड़ने में गर्व करते हैं उत्तर भारतीय'
अमित शाह की हिदायत के बाद भी एनडीए सरकार के मंत्रियों की बयानबाजी रुकने का नाम नहीं ले रही है। अब केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरण रिजीजू ने उत्तर भारत के लोगों को निशाना बनाते हुए एक विवादित बयान देने के साथ ही केजरीवाल पर भी हमला किया है।
किरण रिजीजू ने एक कार्यक्रम में बुधवार को कहा कि उत्तर भारतीय लोगों को कानून तोड़ने में मजा आता है। एक उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान रिजीजू ने कहा कि दिल्ली के एक पूर्व राज्यपाल ने कुछ समय पहले ये बात कही थी और इसके लिए उन्हें पूरे दिन माफी मांगनी पड़ी।
रिजीजू ने कहा कि राज्यपाल के इस बयान में मुझे कोई भी बुराई नजर नहीं आती क्योंकि, इसमें कुछ भी गलत नहीं है। इसी कार्यक्रम में रिजीजू ने दिल्ली के मुख्यमंत्री को भी अपने निशाने पर लिया।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में कानून व्यवस्था के मामले पर पुलिस और उसकी कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करने से पहले केजरीवाल को पुलिस के प्रति अपना रवैया बदलना चाहिए। केजरीवाल ने ट्वीट कर आज इसका जवाब दिया।
केजरीवाल ने कहा देश को न बांटें
केजरीवाल ने ट्वीट कर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री से निवेदन किया है रिजीजू जी कृपया भारतीयों को उत्तर या दक्षिण भारतीय और हिंदू-मुसलमान के नाम पर न बांटे।
केजरीवाल ने कहा कि देशवासियों को दोष देने की जगह हमें राजनीति में सुधार करने के बारे में सोचना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी भारतीय अच्छे हैं जबकि, राजनीति में सुधार की जरूरत है।
बता दें कि हाल ही में दिल्ली में दो मासूम बच्चियों की रेप की घटना के बाद केजरीवाल ने दिल्ली पुलिस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा था कि अगर आप पुलिस को नहीं संभाल पा रहे हैं तो इसे हमारे हवाले कर दीजिए।
केजरीवाल ने प्रधानमंत्री से यह भी मांग की थी कि कम से कम एक साल के लिए दिल्ली पुलिस को हमारे हवाले करके देखिए। अगर दिल्ली की कानून व्यवस्था में सुधार न हो तो इसे फिर से वापस ले लिया जाए।
Rijiju ji, pl don't divide Indians into North n south Indians, Hindus n muslims. All Indians r good. It is politics that we need to improve
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) October 22, 2015
'समाज को बदलनी होगी सोच'
बुधवार को इंडियन पुलिस फाउंडेशन और इंडियन पुलिस इंस्टीट्यूट के उद्घाटन के मौके पर रिजीजू ने कहा कि यहां लोगों को पुलिस अधिकारियों को धमकाने में मजा आता है।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल हमेशा दिल्ली पुलिस पर आरोप लगाते रहते हैं जबकि, वो अपनी सोच बदलने के लिए तैयार नहीं हैं। ऐसे में पुलिस क्या कर सकती है।
रिजीजू ने दिल्ली पुलिस की तारीफ करते हुए कहा कि किसी भी घटना के लिए पुलिस को कोसना आसान है लेकिन, खाकी वर्दी पहने यही लोग शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिन रात काम करते रहते हैं।