केजरीवाल ने खचाखच भरे कोर्ट में कहा, भ्रष्ट हैं गडकरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को भी कोर्ट में बेल बांड भरने से मना कर दिया। जिसके बाद कोर्ट ने केजरीवाल को 6 जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
कोर्ट में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं बेल बांड नहीं भरूंगा, भले ही मुझे फिर क्यों ना जेल जाना पड़े। पहले ही दो दिन की सजा काट चुके केजरीवाल को अब और 14 दिनों तक तिहाड़ में रहना होगा।
सुनवाई के दौरान जज गोमती मनोचा ने कहा कि बेल बांड भरना कानूनी प्रक्रिया का एक अहम हिस्सा है, जिसे दरकिनार नहीं किया जा सकता है। जज गोमती मनोचा ने कहा कि मुझे पता है कि आप फरार नहीं होंगे, बावजूद आपको इस मामले में कोर्ट के सामने जिम्मेदारी दिखानी होगी।
केजरीवाल ने भरी अदालत में गडकरी को कहा भ्रष्टाचारी
पार्टी के अनुसार वह सिद्धांत की लड़ाई लड़ रही है। इसी सिद्धांत के तहत अरविंद केजरीवाल ने पटियाला हाउस कोर्ट में मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट गोमती मनोचा के भरी कोर्ट में नितिन गडकरी को भ्रष्टाचारी करार दे दिया।
कोर्ट ने इसपर आपत्ति जताई जिसके बाद केजरीवाल शांत हुए। केजरीवाल के ऐसा कहने पर बीजेपी के वकीलों ने कुछ देर तक इसको लेकर हंगामा भी किया।
कोर्ट में कौन-कौन था मौजूद?
इससे पहले खचाखच भरे अदालत में घंटों सुनवाई रूकी रही। जज गोमती मनोचा के कई बार कहने के बावजूद लोगों ने कोर्ट रूम को खाली नहीं किया। दोपहर बाद कोर्ट ने दूसरे कमरे इसकी सुनवाई की। जिस कमरे में इसकी सुनवाई चल रही थी उसके बाहर पुलिस ने भारी सुरक्षा बंदोबस्त कर रखे थे।
अरविंद केजरीवाल के समर्थन में पंजाब के संगरूर से आम आदमी पार्टी की टिकट पर चुनाव जीत चुके भगवंत मान भी कोर्ट रूम में मौजूद थे।
उनके अलावा पार्टी के कई नेता भी कोर्ट पहुंचे थे। चांदनी चौक से पार्टी के उम्मीदवार आशुतोष, अमेठी से राहुल को चुनौती देने वाले कुमार विश्वास, वरिष्ठ वकील शांति भूषण, प्रशांत भूषण, सोमनाथ भारती और केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल भी कोर्ट रूम में मौजूद थी।
ऑटो वाले हुए केजरीवाल के खिलाफ
दिल्ली का न्याय भूमि संगठन अब अरविंद केजरीवाल के खिलाफ दिखने लगा है। कोर्ट के बाहर संगठन के लोग केजरीवाल के खिलाफ नारे लगा रहे थे।
संगठन ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में 40 हजार ऑटो पर आम आदमी पार्टी के समर्थन में पोस्टर लगे थे। संगठन का कहना था कि इस बार विधानसभा चुनाव में 20 फीसदी ऑटो में भी पोस्टर नहीं लगाए जाएंगे। उन्होंने केजरीवाल पर धोखेबाजी का आरोप लगाया है।
आम आदमी सेना ने कोर्ट के बाहर लगाए पोस्टर
आज जब कोर्ट के अंदर इस मामले की सुनवाई हो रही थी तब आम आदमी सेना के दो दर्जन से ज्यादा लोग केजरीवाल के खिलाफ नारे लगा रहे थे।
उनलोगों ने कोर्ट की दीवार पर केजरीवाल के खिलाफ पोस्टर चिपका रखे थे। उनमें से कईयों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बाद में आम आदमी सेना ने जंतर-मंतर जाकर केजरीवाल का पुतला भी फूंका।
केजरीवाल की पत्नी को कोर्ट रूम से बाहर किया
पार्टी के समर्थकों से भरे कोर्टरूम में जब जज पहुंचे तो उन्होंने तब सुनवाई करने से मना कर दिया जब तक कि सभी लोगों को बाहर ना कर दिया जाए। इसी भीड़ में अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल भी मौजूद थी।
केजरीवाल अपने उपर लगे आरोपों पर खुद बहस कर रहे थे।
यह कानूनी नहीं राजनीतिक लड़ाई है
पार्टी की ओर से भी यही कहा जा रहा है कि बात 10 हजार रुपये की नहीं है, बात सिद्धांतों की है। अगर नितिन गडकरी को चोर कहने से जेल जाना पड़ता है तो हम जेल जाने के लिए तैयार हैं।
इससे पहले बुधवार को दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में नितिन गडकरी के मानहानि मुकदमे पर सुनवाई करते हुए जज ने केरीवाल को 2 दिन के लिए जेल भेज दिया था।
पार्टी नेता और वकील ड्रेस में कोर्ट में आए सोमनाथ भारती ने कहा कि यह कानूनी लड़ाई नहीं राजनीतिक लड़ाई है। हम इसे आगे तक लड़ेंगे।