बजट में मध्यमवर्ग से धोखा और किसान रहे वंचित: केजरीवाल
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बजट को लेकर नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा है। पंजाब में चुनावी सरगर्मी बनाने पहुंचे केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा है कि आत्महत्या कर रहे किसानों के लिए बजट में कुछ नहीं है।
किसान कर्ज तले दबे हैं। उद्योगपतियों के लोन तो माफ कर दिए, किसानों के कर्ज माफ नहीं किए। केजरीवाल ने कहा है, किसानों के इलाज के लिए भी बजट में कुछ नहीं है।
सस्ती दवा की दुकान खोलने से कुछ नहीं होगा। हर गांव में डिस्पेंसरी हो, जहां मुफ्त इलाज की व्यवस्था हो। बजट में मध्यम वर्ग के लिए भी कुछ नहीं है।
2022 तक किसानों की आय कैसे होगी दोगुनी?
मोदी सरकार ने उस मध्य वर्ग के लोगों के साथ धोखा किया है जिनके वोट लेकर सरकार बनाई। दिल्ली का वित्त विभाग संभाल रहे उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि अरुण जेटली ने 2022 तक किसानों की आय दोगुना करने की घोषणा की जबकि ये सरकार 2019 के बाद रहेगी या नहीं इसका पता नहीं?
अभी कृषि क्षेत्र की वृद्धि दर महज 0.5 फीसदी है जबकि दोगुना आय करने के लिए अगले साल तक 14 फीसदी वृद्धि दर चाहिए।
फिर किसानों के लिए अनाज के न्यूनतम मूल्य में भी कोई वृद्धि नहीं की गई। काले धन की आम माफी योजना पर भी केजरीवाल व सिसोदिया ने सवाल उठाए।