मोदी की पहल के मुरीद हुए केजरीवाल, बोले दिल्ली भी है आपके साथ
महाराष्ट्र में सूखे की मार झेल रहे लातूर क्षेत्र में आज सुबह ही पानी वाली ट्रेन पहुंची, जिसमें 5 लाख लीटर पानी है। वहां पानी पहुंचाने की मोदी सरकार की इसी कोशिश की तारीफ उनके कट्टर विरोधी केजरीवाल ने भी की।
सीएम केजरीवाल ने पीएम मोदी को चिट्ठी लिखकर लातूर में पानी भेजने के लिए उनकी सराहना की और पत्र में लिखा है कि, 'लातूर इस वक्त भीषण पानी की कमी से गुजर रहा है। केंद्र सरकार ने उनकी मदद करने के लिए ट्रेन द्वारा पानी पहुंचाने का निर्णय लिया है। आपका यह कदम सराहनीय है।'
बता दें कि पानी से भरे 10 वैगन के साथ वाटर ट्रेन सोमवार को मिराज से रवाना हुई थी। इस खत में केजरीवाल ने पीएम मोदी को ऐसी पेशकश भी की है जिससे वो विपक्ष के निशाने पर आ गए हैं।
'अगर भेजने का हो इंतजाम तो दिल्ली देगी रोजाना 10 लाख लीटर पानी'
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने जो पत्र पीएम मोदी को लिखा है उसमें न केवल मोदी सरकार की सराहना है बल्कि केंद्र सरकार को एक सुझाव भी है। इस पत्र में केजरीवाल ने मोदी के सामने यह पेशकश रखी है कि दिल्ली के लोग अगले दो महीने के लिए 10 लाख लीटर पानी प्रतिदिन लातूर को देने के लिए तैयार हैं।
केजरीवाल का ये भी कहना है कि अगर केंद्र सरकार इस पानी को लातूर भिजवाने का इंतजाम कर दे, तो दिल्ली सरकार उक्त पानी तुरंत मुहैया करा देगी। हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि खुद दिल्ली में पानी की काफी कमी रहती है पर लातूर जिस भयावह स्थिति में है उसे देखते हुए हर भारतवासी का यह फर्ज है कि इस दुख की घड़ी में लातूरवासियों की मदद करें।
यही नहीं केजरीवाल ने पीएम को ये नसीहत भी दे दी कि अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों से भी ऐसी अपील की जा सकती है। वहीं अपने ट्वीट में भी केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार लातूर के भाई बहनों के लिए रोजाना 2 महीने तक 10 लाक लीटर पानी देने को तैयार है।