केजरीवाल ने बाबुओं को दी चेतावनी, हमसे पंगा मत लेना हम 10-15 साल के लिए यहीं हैं
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने अपनी सरकार के साथ काम करने वाले बाबुओं को चेतावनी दी है कि वो सरकार से पंगा न लें क्योंकि ये सरकार आने वाले 10-15 सालों के लिए सत्ता में रहने वाली है।
केजरीवाल ने ये बात मंगलवार को हुए सिविल सर्विसेज डे पर आयोजित एक कार्यक्रम में कही। उन्होंने कह दिया कि बाबू लोग जनता द्वारा चुने प्रतिनिधियों को नीचा दिखाने का काम न करें।
केजरीवाल बोले हम कुछ भी सहन कर सकते हैं लेकिन राजनीति नहीं। अगर आप राजनीति में रुचि रखते हैं तो रिजाइन दीजिए, चुनाव लड़िए और हमारा सामना कीजिए।
केजरीवाल ने कहा कि हमारी सरकार लोगों की उम्मीदें पूरा कर रही है। दिल्लीवासी सरकार के काम से खुश हैं और अगर सरकार ऐसे ही काम करती रही तो हमारी सरकार 10-15 साल के लिए कहीं नहीं जाने वाली है।
'45 से अधिक उम्र के बाबुओं के पास नहीं है कोई विकल्प'
बता दें कि जब से केजरीवाल सरकार पिछले साल सत्ता में आई है तब से ही बाबुओं से उसके रिश्ते कुछ ठीक नहीं है। मंगलवार को केजरीवाल ने ये भी कह दिया कि आपको पसंद हो या नहीं लेकिन हम यहां 10-15 साल के लिए हैं और जिन अफसरों की उम्र 45 साल से ऊपर है उनके पास तो कोई च्वाइस ही नहीं है।
पिछले साल दिसंबर में दानिक्स के कुछ आईएएस अफसर दिल्ली सरकार से नाखुश होकर हड़ताल पर चले गए थे उन्हें निशाना बनाते हुए केजरीवाल ने कहा कि किसी अफसर ने सरकार को संपर्क नहीं किया। हमारी पार्टी जानती है कि धरने और हड़ताल क्या होते हैं।
केजरीवाल ने कहा कि हड़ताल हमेशा आखिरी रास्ता होते हैं। लेकिन इस केस में कोई बातचीत नहीं हुई। यह हड़ताल पूर्णरूप से राजनीतिक थी।