कौन हैं मोहल्ला क्लीनिक की नींव रखने वाले सत्येंद्र जैन, केजरीवाल कैबिनेट में फिर बने मंत्री
रामलील मैदान में रविवार को तीसरे नंबर पर सत्येंद्र जैन ने दिल्ली कैबिनेट में मंत्री पद व गोपनीयता की शपथ ली। जैन पिछले कैबिनेट में स्वास्थ्य मंत्री थे। उनका मोहल्ला क्लीनिक मॉडल दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति में सुधार लाने में बेहद सफल साबित हुआ।
सत्येंद्र जैन इस बार शकूर बस्ती विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के एससी वत्स और कांग्रेस के देवराज अरोड़ा को हराकर विधायक बने हैं। इससे पहले 2013 और 2015 में भी उन्होंने शकूर बस्ती से जीत हासिल की थी। 49 वर्षीय आप नेता सत्येंद्र जैन के खिलाफ अबतक किसी भी तरह के आपराधिक मामले दर्ज नहीं हैं।
निजी जीवन और पढ़ाई-लिखाई
सत्येंद्र जैन मूलत: उत्तर प्रदेश के बागपत तहसील के किरथल के निवासी हैं। उनके पिता सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। बागपत में सत्येंद्र के जन्म के बाद उनका परिवार दिल्ली आ गया था। पहले वो सरस्वती विहार में अपने परिवार के साथ रहते थे और अब सिविल लाइंस स्थित सरकारी आवास में रहते हैं।
सत्येंद्र जैन ने 1992 में असोसिएट मेंबरशिप ऑफ इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ आर्किटेक्ट्स से आर्किटेक्चर की पढ़ाई की थी। इसके बाद एक वास्तुकार के रूप में उन्होंने केंद्रीय लोक निर्माण विभाग में नौकरी शुरू की। कुछ समय बाद ही अपनी आर्किटेक्चरल कंसल्टेंसी फर्म की स्थापना के लिए उन्होंने नौकरी छोड़ दी। उनकी पत्नी पूनम जैन भी आर्किटेक्चर के क्षेत्र में ही काम करती हैं। पढ़ाई और नौकरी के समय से ही वो तमाम तरह के समाज सेवा कार्यों से जुड़े हुए थे। भ्रष्टाचार के खिलाफ चले जन लोकपाल आंदोलन से वह इतने प्रभावित हुए कि उसमें ईमानदारी से योगदान देने के लिए उन्होंने अपना करियर छोड़ दिया।
नाम: सत्येंद्र कुमार जैन
शिक्षा: बैचलर इन आर्किटेक्ट
कहां से जीते: शकूरबस्ती
किसे हराया: भाजपा के एससी वत्स
कितने मतों से हराया: 7592
खास: पिछली सरकार में स्वास्थ्य, बिजली व पीडब्ल्यूडी मंत्री
विभाग की उपलब्धियां-
-मॉडल के तौर पर मोहल्ला क्लीनिक समेत स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार
-मुफ्त व सस्ती दरों से जुड़ी बिजली योजना को लागू करना
विभाग से उम्मीदें-
-सड़कों की रि-डिजाइन से जुड़े प्रोजेक्ट को लागू करना
-मोहल्ला क्लीनिक का पूरी दिल्ली में विस्तार