फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   Kejriwal Arrest: Political temperature rises in Delhi, BJP and AAP attack and counterattack

Kejriwal Arrest : दिल्ली में चढ़ा सियासी पारा, भाजपा और आप का वार-पलटवार; अन्ना ने कही यह बात

Sun, 24 Mar 2024 06:13 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली Published by: दुष्यंत शर्मा Updated Sun, 24 Mar 2024 06:13 AM IST
सार

इस मौके पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि भगत सिंह ने 23 साल की उम्र में देश की आजादी के लिए कुर्बानी दी थी। हम आज यहां उन्हें सलामी देने के लिए आए हैं। 

विज्ञापन
Kejriwal Arrest: Political temperature rises in Delhi, BJP and AAP attack and counterattack
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान - फोटो : X/@BhagwantMann

विस्तार

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के समर्थन में शनिवार को आम आदमी पार्टी ने इंडिया गठबंधन के दलों के साथ शहीदी पार्क में विरोध प्रदर्शन कर लोकतंत्र को बचाने का संकल्प लिया। इस मौके पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि भगत सिंह ने 23 साल की उम्र में देश की आजादी के लिए कुर्बानी दी थी। हम आज यहां उन्हें सलामी देने के लिए आए हैं। 

विज्ञापन


भगत सिंह देश में लोकतंत्र लाने के लिए शहीद हुए थे। भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु, चंद्रशेखर आजाद और लाला लाजपत राय ने अंग्रेजों से कहा था कि इस देश को छोड़कर चले जाओ, हम अपने नेताओं को खुद वोट डालकर चुनेंगे। जब 1947 में देश आजाद हुआ तो हमें वोट करने का अधिकार मिला और देश के लिए नेता खुद चुनने लगे, लेकिन आज उनकी आत्मा तड़प रही होगी कि जिस आजादी के लिए कुर्बानियां दी थीं, उस देश में अब लोकतंत्र बचा नहीं है। केजरीवाल को जेल में डालने से पूरे देश में गुस्सा है। भाजपा की जहां भी सरकार नहीं है, वहां राज्यपाल के माध्यम से परेशान किया जा रहा है। इसके खिलाफ पूरे देश को एकत्रित होना होगा।  
विज्ञापन


इस्तीफा देने की जरूरत नहीं 
मान ने कहा कि कोई कानून नहीं कहता कि मुख्यमंत्री को जेल में बंद कर दिया जाए तो उसे इस्तीफा देना पड़ेगा। अभी वह दोषी साबित नहीं हुए हैं तो जेल से सरकार चला सकते हैं और रही बात चुनाव प्रचार की तो केजरीवाल की सोच का प्रचार होगा। 

विज्ञापन
विज्ञापन
  • एक साथ है इंडिया गठबंधन - हारुन यूसूफ : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व दिल्ली सरकार में पूर्व मंत्री हारुन यूसूफ ने कहा कि इंडिया गठबंधन पूरी ताकत और  मजबूती के साथ खड़ा है। देश के लोकतंत्र का गला दबाने की कोशिश हो रही है। इंडिया गठबंधन के सभी घटक दल इस लड़ाई को पूरी ताकत के साथ लड़ेंगे। आप इंडिया गठबंधन का हिस्सा है और पूरी तरह से साथ है।
  • शहीद पार्क से पार्टी मुख्यालय तक पैदल मार्च : केजरीवाल के समर्थन में शहीदी पार्क पर इकट्ठा हुए समर्थकों ने आईटीओ से पार्टी मुख्यालय तक पैदल मार्च किया। इस दौरान भगवंत मान, आतिशी, सौरभ भारद्वाज, गोपाल राय, कैलाश गहलोत समेत पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता, विधायक, पार्षद, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।

भाजपा ने मुख्यमंत्री के इस्तीफे के लिए राजघाट पर दिया धरना
प्रदेश भाजपा ने दिल्ली सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर राजघाट के सामने आक्रोश धरना दिया। इसके पूर्व महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की और भजन रघुपति राघव गाने के बाद भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने व लगातार संघर्ष करते रहने का संकल्प लिया।

इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि 22 जुलाई को उपराज्यपाल ने सीबीआई की जांच की सिफारिश कर दी थी। इसके बाद मनीष सिसोदिया फरवरी और संजय सिंह अक्तूबर में जेल गए। 2 नवंबर से लगातार ईडी ने मुख्यमंत्री को समन भेजे। इसके बावजूद उन्होंने जांच में सहयोग नहीं किया और जिद पर अड़े रहे। केजरीवाल को उन बहनों की हाय लगी जिनके पतियों को एक पर एक फ्री बोतल पकड़ा दी गई। साथ ही, हर उस झुग्गीवासी की हाय लगी जिसका आयुष्मान कार्ड नहीं बनने दिया गया। 

दिल्ली में झुग्गीवासियों को पक्के मकान बनाने के लिए रोका गया। भ्रष्टाचारी मुख्यमंत्री को दिल्ली कभी भी बर्दाश्त नहीं करेगी। भाजपा हमेशा से ऐसे लोगों के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी जो जनता के पैसों से खुद की राजनीति करेगा। भाजपा का हर कार्यकर्ता भ्रष्टाचार के खिलाफ है। मुख्यमंत्री पर एक किताब लिखी जानी चाहिए, जिसका नाम होगा ‘सफर स्वराज से शराब तक’। जिस रात केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया है उस रात सभी को आम आदमी पार्टी के नेताओं ने फोन किया, लेकिन उनके समर्थन में चंद लोग ही पहुंचे। दिल्ली के पूर्व अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता व आदेश गुप्ता ने कहा कि केजरीवाल ने शराब माफिया से गले मिलकर दिल्ली के लोगों को शराब के नशे में धकेलने का काम किया।

केजरीवाल ने शराब को बढ़ावा देने का काम किया : भंते
भारतीय बौद्ध संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष भंते संघप्रिय राहुल ने शनिवार को मीडिया से कहा कि केजरीवाल को गौतमबुद्ध और महात्मा गांधी से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन करने वाली उनकी पार्टी ने शराब को बढ़ावा देने का काम कियाहै। दिल्ली की जनता उन्हें कभी नहीं माफ करेगी। भंते ने रोहिंग्या को अवैध रूप से दिल्ली में बसने पर भी आपत्ति जताई। साथ ही, प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि अवैध तरीके से रह रहे रोहिंग्या मुसलमानों को न बसने दें। भारत संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद के शरणार्थी कार्ड को मान्यता नहीं देता है। उन्हें शरणार्थी का दर्जा नहीं दिया जा सकता। भारत पहले से पड़ोसी देशों से आए लोगों की वजह से अवैध प्रवास का सामना कर रहा है। 

होली खेलते दिखे सोमनाथ : भाजपा
नई दिल्ली। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि आप नेताओं को दिल्ली के मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी का तनिक भी गम नहीं है। इतना ही नहीं वह पार्टी लाइन से भी अलग दिखाई देते हैं। गोपाल राय ने केजरीवाल के गिरफ्तारी के विरोध में होली नहीं मनाने की घोषणा की थी, लेकिन 14 घंटे से भी कम समय के बाद उनके विधायक सोमनाथ भारती मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र के विजय पार्क में लोगों के चेहरे पर रंग लगाते दिखे। प्रेसवार्ता में कपूर ने होली खेलते हुए आप नेताओं की तस्वीर और वीडियो भी दिखाया। उन्होंने कहा कि पार्टी के फैसले और केजरीवाल के प्रति सोमनाथ भारती का अनादर साफ दिखता है। लोग सोच रहे हैं कि जब सोमनाथ कठिन दौर से गुजर रहे अपने केजरीवाल का समर्थन नहीं कर सकते तो वह जरूरत और संकट की घड़ी में आम लोगों का समर्थन कैसे करेंगे। 



केजरीवाल के मामले की गहन जांच होनी चाहिए : अन्ना
सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने शनिवार को कहा कि यह विडंबना ही है कि जो भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन का हिस्सा रहा, वहीं अब भ्रष्टाचार में गिरफ्तार हो गया। हजारे ने केजरीवाल पर करोड़ों देशवासियों के विश्वास को धोखा देने का आरोप लगाया और अफसोस जताया कि राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं ने 2011 के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन को नष्ट कर दिया। उन्होंने कहा, मैं दिल्ली सरकार की शराब नीति से संबंधित भ्रष्टाचार के मामले में अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी से बहुत दुखी हूं। महाराष्ट्र के अहमद नगर जिले में रहने वाले हजारे ने यह भी कहा कि इस मुद्दे की अंत तक गहन जांच होनी चाहिए और दोषियों को सजा मिलनी चाहिए। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed