भाईयों को राखी बांधने जा रही बहनों के लिए सफर बना जंजाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर हरियाणा रोडवेज की बसों में सवार होना बहनों के लिए किसी जंग से कम नहीं रहा। शुक्रवार को दिन भर गुड़गांव बस अड्डे पर काफी भीड़ रही।
सबसे अधिक परेशानी अपने भाईयों को राखी बांधने जा रही बहनों को हुई। बड़ी संख्या में यात्रियों ने बस से जाने का विचार त्याग दिया।
प्रदेश सरकार ने रक्षाबंधन पर बहनों के लिए रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सौगात दी है। इसके बावजूद उन्हें यात्रा करने में काफी दिक्कत आ रही है।
अपने भाई को राखी बांधने के लिए रोहतक रवाना होने के लिए बस अड्डे पहुंची सुकन्या तंवर ने कहा कि वह पिछले 40 मिनट से बस में बैठने का प्रयास कर रही हैं। लेकिन भीड़ के कारण सवार होना मुश्किल है।
मेट्रो में भी नहीं बदले हालात
यात्रियों की शिकायत है कि सरकार की घोषणा के बाद रक्षाबंधन पर रोडवेज की ओर से कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई।
वहीं, गुड़गांव रोडवेज महाप्रबंधक त्रिलोक चंद का कहना है कि रक्षाबंधन के मद्देनजर बसों की संख्या नहीं बढ़ाई गई है। जो बसें हैं वही यात्रियों के लिए काफी हैं। किसी भी तरह की दिक्कत नहीं है।
रक्षाबंधन पर मेट्रो में यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना के बीच डीएमआरसी मेट्रो ने 210 एक्सट्रा ट्रिप चलाई है। शुक्रवार को इसके बाद भी गुड़गांव के सभी स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ रही।
हुडा सिटी सेंटर पर सबसे अधिक यात्री उमड़े। इसके बाद एमजी रोड, इफ्को चौक, सिकंदरपुर और गुरु द्रोणाचार्य स्टेशन पर भीड़ रही।
डीएमआरसी प्रवक्ता ने बताया कि यात्रियों की सहूलियत के लिए ट्रेनों की फ्रिक्वेंसी दो मिनट 45 सेकेंड कर दी गई है। इसके बावजूद रक्षाबंधन की पूर्व संख्या में मेट्रो में काफी मारामारी रही।