'हमने कन्हैया को इतना पीटा कि उसकी पैंट गीली हो गई'
पटियाला हाउस कोर्ट में पत्रकारों और जेएनयू स्टूडेंट्स के साथ मारपीट मामले में तीन आरोपी वकीलों ने ये बात कबूल की है कि उन्होंने कन्हैया की तीन घंटे तक पिटाई की। बता दें कि वकीलों ने ये बात इंडिया टूडे द्वारा किए गए एक स्टिंग ऑपरेशन में कबूल की है।
आरोपी वकील विक्रम सिंह चौहान और यशपाल सिंह ने ये बात मानी कि उन्होंने पुलिस कस्टडी में जेएनयू के अध्यक्ष कन्हैया कुमार की पिटाई की। वकीलों ने उसकी पिटाई पुलिस की मौजूदगी में की थी और उसे इतना मारा कि पिटाई के दौरान उसकी पैंट गीली हो गई।
विक्रम सिंह चौहान ने स्टिंग में ये बात कही कि हमने उसे यानी कन्हैया को तीन घंटे तक पीटा और जबरन उसे 'भारत माता की जय' कहलवाया। उसने बाद में उसने हमारे साथ भारत माता के जयकारे लगाए और तब हमने उसे जाने दिया। इसके साथ ही विक्रम ने कहा कि वो कन्हैया को फिर पीटेंगे।
(फोटो साभारः इंडियन एक्सप्रेस)
'मैं जेल में जाकर कन्हैया को मारूंगा'
विक्रम चौहान ने स्टिंग में यहां तक कह दिया कि मैं एक पेट्रोल बम लाउंगा और मुझे इस बात की परवाह नहीं है कि मेरे खिलाफ क्या केस फाइल किया जाता है। मैं उसे नहीं छोड़ूंगा चाहे मुझपर हत्या का भी केस दर्ज कर दिया जाए।
विक्रम आगे बोला कि, मैं जेल जाना चाहता हूं और फिर मैं उसे उसी के बैरक में घुसकर मारूंगा। मैं अपना बेल बॉन्ड भी नहीं भरूंगा। मैं एक या दो दिन के लिए जेल जाउंगा। विक्रम ने तो ये भी कबूला कि उसने सभी पत्रकारों और जेएनयू के प्रोफेसरों भी मारा।
उसका कहना है कि अगर आप एक देश में रहते हैं तो आपको उसकी के बारे में बात करनी होगी। उसने बताया कि पुलिस भी उनका पूरा सहयोग कर रही थी और उन्होंने विक्रम से कहा था कि अगर वो वर्दी में नहीं होते तो वो भी उसे पीटते।