जानिए जेईई टॉपर के एडमिशन का सपना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने अप्रैल में हुए जेईई मेन के पहले और दूसरे पेपर के लिए फाइनल रैंक जारी कर दिया है। रैंक जारी होने के बाद अब आईआईटी, एनआईटी और ट्रिपल आईटी संस्थानों में दाखिला प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
फाइनल रैंकिंग के अनुसार मुकुंद मुनधरा दिल्ली से टॉपर बने हैं वहीं ऑल इंडिया रैंकिंग में वह छठे स्थान पर हैं। डॉक्टर पिता की संतान मुकुंद ने आठवीं कक्षा में ही इंजीनियरिंग करने का लक्ष्य तय कर लिया था।
मुकंद की मां गृहिणी हैं। इंजीनियरिंग फील्ड में जाने की प्रेरणा उन्हें अपने चाचा से मिली। मुकुंद का सपना आईआईटी दिल्ली में कंप्यूटर साइंस में दाखिला लेने का है।
बारहवीं में हासिल किए 98.2% अंक
कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई करने के बाद वह एमएस या एमटेक करना चाहते हैं। रोहिणी स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल से पढ़ाई करने वाले मुकुंद ने बारहवीं में पीसीएम (फिजिक्स केमिस्ट्री व मैथ्स) के साथ कंप्यूटर साइंस में 98.2 फीसदी अंक प्राप्त किए थे।
वहीं जेईई एडवांस की 24 मई को हुई परीक्षा में उन्होंने 91वीं रैंक हासिल की थी। मालूम हो कि सीबीएसई की ऑल इंडिया रैंक जारी नहीं होने की वजह से आईआईटी और एनआईटी में दाखिला प्रक्रिया शुरू नहीं हो पा रही थी।
जेईई मेन की रैंक लिस्ट में 12वीं के अंकों को 40 फीसदी और जेईई मेन के नंबरों को 60 फीसदी वेटेज दिया जाता है। वहीं सीबीएसई ने काउंसलिंग के लिए सेंट्रल सीट आवंटन बोर्ड 2015 (एनआईटी पटना) को डेटा सीडी सौंप दी है।