परिवार या दोस्तों के साथ घूमने फिरने के लिए बरसात से अच्छा मौसम और कौन सा हो सकता है। अगर आप भी इन दिनों ढेर सारे पैसे खर्च कर अपने परिवार या दोस्तों के साथ घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो रुक जाइए। अब आपको अपने प्लान के लिए इतने सारे पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं है। आईआरसीटीसी इन दिनों अपने यात्रियों को विदेश यात्रा करने का एक बेहतरीन ऑफर दे रहा है।
क्या-क्या है ऑफर में:
हिमालय की गोद में बर्फीली पहाड़ियों के बीच एक छोटा सा देश है भूटान। प्राकृतिक सुंदरता से लैस और खुशहाली के पैमाने पर पूरे एशिया में सबसे ऊपर। दुनिया भर के कई देशों से लोग यहां छुट्टियां मनाने और घूमने फिरने आते हैं। आईआरसीटीसी अपने यात्रियों को शानदार बजट में ऐसी लाजवाब जगह का पैकेज दे रहा है।
मात्र 40 हजार रुपए में आप पड़ोसी देश भूटान में अपनी छुट्टियां मना सकते हैं। आईआरसीटीसी की तरफ से पांच रात और छह दिन का पैकेज 40,700 रुपये में ऑफर किया जा रहा है।
आईआरसीटीसी ने इस नए पैकेज का नाम 'अलौकिक भूटान' रखा है। आईआरसीटीसी की टूरिज्म वेबसाइट के अनुसार यह टूर दिल्ली से ड्रुक एयर की इकोनॉमी क्लास में शुरू होगा। पांच रात और छह दिन के इस पैकेज में थिंपू, पारो और पुनाखा शहरों की सैर कराई जाएगी। इस पैकेज की पहली फ्लाइट 20 सितंबर भूटान के लिए रवाना होगी। पैकेज का लाभ उठाने वाले यात्रियों के लिए भूटान के तीन सितारा होटल में ठहरने की व्यवस्था की जाएगी।
इस पैकेज में 70 साल से कम उम्र के यात्रियों के लिए इंश्योरेंस की भी सुविधा है। पैकेज में एयर टिकट, 3 सितारा होटल में रुकने की व्यवस्था, ब्रेक फास्ट और डिनर भी शामिल है। हालांकि पैकेज में लाउंड्री, ड्राइवर को टिप, गाइड या अन्य किसी भी तरह की रूम सर्विस शामिल नहीं है।