प्रद्युम्न हत्याकांड : आरोपी छात्र के वकील ने जमानत के लिए कोर्ट जाने की कही बात
गुरुग्राम पुलिस के आरोपी कंडक्टर अशोक के वकील मोहित वर्मा का कहना है कि इस मामले में पुलिस ने लीपापोती का काम किया है। उसे जबरदस्ती फंसाया गया है।
सीबीआई ने भी साफ कर दिया है कि कंडक्टर अशोक आरोपी नहीं है। अब इस मामले में अशोक की जमानत के लिए जल्द कोर्ट में याचिका लगाई जाएगी। इसके साथ ही पुलिस वालों के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज करने की अपील की जाएगी। जरूरत पड़ी तो अलग से याचिका भी दाखिल किया जाएगा।
आरोपी का चेहरा सार्वजनिक किया
उन्होंने कहा कि आरोपी का चेहरा आमतौर पर पुलिस सार्वजनिक नहीं करती है। इस मामले में पुलिस ने लापरवाही करते हुए उसका चेहरा सार्वजनिक किया। मीडिया को बाइट दिलवाएं। अब उसकी पहचान हत्यारे के रूप में हो गई है।
ऐसे में उसका सार्वजनिक जीवन पुलिस वालों की गलती के कारण बर्बाद हो गया है। इस मामले में याचिका दायर कर हरियाणा सरकार से मुआवजा मांगा जाएगा।