दिल्ली में बिजली कनेक्शन लेते ही आप बन जाएंगे कर्जदार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यदि आप दिल्ली में बिजली कनेक्शन लेना चाहते हैं, तो बिजली उपभोक्ता बनने के साथ ही बिजली कंपनियों के कर्जदार हो जाएंगे। उपभोक्ता बनते ही आप पर बिजली कंपनी का 60 हजार रुपये बकाया हो जाएगा।
डिस्कॉम्स का कहना है कि दिल्ली के बिजली उपभोक्ताओं पर करीब 28,400 करोड़ रुपये बकाया हैं, इस हिसाब से प्रति उपभोक्ता पर 60 हजार रुपये बकाया बनता है। राजधानी पावर लिमिटेड, यमुना पावर लिमिटेड और टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (टीपीडीडीएल) के करीब 50 लाख बिजली उपभोक्ता हैं।
बिजली वितरण कंपनियों का दावा है कि वर्ष 2005 से 2010 तक बिजली की कीमत नहीं बढ़ने की वजह से घाटा बढ़ता गया और डिस्कॉम्स पर कर्ज का बोझ बढ़ गया। घाटा बढ़कर 28,000 करोड़ रुपये पार कर गया है।
जो दिल्ली छोड़कर चले गए उनसे नहीं वसूल हुआ बकाया
डिस्कॉम्स के पुराने घाटे को कम करने के लिए दिल्ली विद्युत विनियामक आयोग (डीईआरसी) के आदेश पर सभी उपभोक्ताओं से आठ प्रतिशत का सरचार्ज लिया जा रहा है।
यह रकम उन उपभोक्ताओं से भी ली जा रही है जो वर्ष 2005 से 2010 तक दिल्ली में नहीं रहते थे और न ही उनसे वसूल किया गया, जो इस अवधि में रहने के बाद दिल्ली छोड़कर कहीं और चले गए।
बिजली कंपनियों का कहना है कि दिल्ली में बिजली कीमत तय करने का काम डीईआरसी का है, लिहाजा यह डीईआरसी को तय करना है कि नए बिजली उपभोक्ताओं से पुराने बिजली उपभोक्ताओं के बिजली बिलों का बकाया लेना है या नहीं।