लड़ाई में खुद के लिए जगह तलाश रही कांग्रेस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार और केंद्र की भाजपा सरकार के बीच झगड़े में जगह बनाने को कांग्रेस एक्टिव हो गई है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी सफाई कर्मचारियों के वेतन व मेडिकल सुविधा की लड़ाई में दो बार पहुंचे तो युवक कांग्रेस और महिला कांग्रेस भी कोई मौका नहीं चूक रही हैं।
अब दिल्ली विश्वविद्यालय में दाखिले के साथ ही छात्र संघ में नींव मजबूत करने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पुराने दिग्गजों की एक बैठक भी कर चुके हैं। इस बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं की फौज बढ़ाने वाले सदस्यता अभियान की तारीख अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दी गई है। बताया जा रहा है कि वार्ड की संख्या के बराबर 280 ब्लॉक बनाए जाने हैं।
इसकी अनुमति के अलावा पहली बार एक्टिव मेंबर को वार्ड अध्यक्ष का चुनाव करने की छूट के लिए भविष्य में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का सम्मेलन होना है, तब तक यह सदस्यता अभियान जारी रहेगा।
लुभाने की कोशिश कर रही है कांग्रेस
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि आम आदमी पार्टी को सफाई कर्मचारियों और निचले तबके के वोट अधिक मिले थे। अब वेतन नहीं मिलने को लेकर ये सफाई कर्मचारी एमसीडी में शासित भाजपा और दिल्ली सरकार की अगुवाई कर रही ‘आप’ से नाराज दिख रहे हैं। यही वजह है कि राहुल गांधी इनके बीच दो बार पहुंच चुके हैं।
फिर कानून मंत्री जितेंद्र तोमर के फर्जी डिग्री, सोमनाथ भारती की पत्नी प्रताड़ना तो भाजपा नेता सुषमा स्वराज के ललित मोदी सहयोग समेत तमाम नेताओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किए जा रहे हैं।
दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र 23 जून से शुरू हो रहा है जो 30 जून तक चलेगा। इस बीच जहां ‘आप’ सरकार की 21 संसदीय सचिवों को लाभ के पद से बाहर रखने का कानून बनाने के अलावा तरह-तरह के कानून पास करने की तैयारी है तो कांग्रेस बाहर से इसका विरोध करेगी।
फिर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन पहले ही इस तरफ इशारा कर चुके हैं कि बजट में योजनामद घटेगा तो विकास रुकेगा। अगर ऐसा होता है तो कांग्रेस सड़क पर इसका विरोध करेगी।