फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   Hundreds of flights affected due to fog

Delhi: लेट-लतीफी के मामले में हवाई जहाज ट्रेन की पटरी पर, हर दिन सैकड़ों उड़ानें प्रभावित, यात्री हैरान-परेशान

Fri, 19 Jan 2024 04:45 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली Published by: दुष्यंत शर्मा Updated Fri, 19 Jan 2024 04:45 AM IST
सार

पिछले एक सप्ताह से प्रतिदिन 300 से लेकर 800 तक विमान देरी से सिर्फ दिल्ली के एयरपोर्ट से संचालित हो रहे हैं। विमानों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित है। लेटलतीफी से यात्री परेशान हैं। 

विज्ञापन
Hundreds of flights affected due to fog
आईजीआई एयरपोर्ट - फोटो : ANI

विस्तार

पूरे उत्तर भारत में कोहरे का सितम जारी है। इसका सबसे ज्यादा असर विमानों पर दिखने को मिल रहा है। पिछले एक सप्ताह से प्रतिदिन 300 से लेकर 800 तक विमान देरी से सिर्फ दिल्ली के एयरपोर्ट से संचालित हो रहे हैं। विमानों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित है। लेटलतीफी से यात्री परेशान हैं। 

विज्ञापन


स्थिति यह है कि 3 घंटे की देरी वाली उड़ानें रद्द हो रही हैं। बृहस्पतिवार को ही खराब मौसम की वजह से चार विमानों को दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने की इजाजत नहीं दी गई। लिहाजा दो को जयपुर व एक को मुंबई और एक विमान को हैदराबाद के लिए डाइवर्ट किया गया। घरेलू ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट भी देरी से संचालित हो रही हैं।
विज्ञापन


अभी तक कोहरे की सबसे अधिक मार रेलगाड़ियों पर ही पड़ रही थी, लेकिन इस साल कोहरे की वजह से विमान सेवा बुरी तरह चरमरा गई है। बृहस्पतिवार को ही 280 से अधिक विमान 5 मिनट से लेकर 5 घंटे की देरी से संचालित हुए। बुधवार देर रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक रनवे पर दृश्यता 50 से 100 मीटर ही रही। सबसे अधिक कोहरा रात 1:30 बजे से 2:30 तक रहा, जब पूरा रनवे कोहरे की चादर में लिपट गया। इस दौरान आवाजाही करने वाले विमानों पर एक तरह से पहरा लग गया। सुबह 6 बजे के बाद ही विमानों की आवाजाही ठीक हुई।
विज्ञापन
विज्ञापन


बुधवार देर रात से ही दिल्ली एयरपोर्ट पर विमानों का संचालन प्रभावित होने लगा था। दृश्यता घटने से लो विजिबिलिटी प्रोसीजर यानी कृत्रिम लाइट से विमानों की आवाजाही का प्रबंधन किया गया था, लेकिन दृश्यता 125 मीटर से कम होने पर रनवे ठप हो गया। एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या 769 गोवा के लिए दोपहर दो बजे की जगह शाम 7 बजे के लिए निर्धारित की गई। इसी तरह रियाद के लिए निर्धारित फ्लाइट सुबह 4:10 बजे की जगह दोपहर 12:20 के लिए निर्धारित की गई। 

सिर्फ कोहरा ही परेशानी के लिए जिम्मेदार नहीं
एयरपोर्ट पर हालात काबू से बाहर हो चले हैं। यात्रियों की हर समस्या के लिए सिर्फ कोहरा ही जिम्मेदार नहीं है। इसके लिए एयरपोर्ट ऑपरेटर से लेकर एयरलाइंस भी जिम्मेदार हैं। एयरपोर्ट पर लगे डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड पर भी सही जानकारी नहीं मिल पा रही है। यात्रियों की शिकायत यह है कि एयरलाइंस स्टाफ जानकारी देना तो दूर, बात करने तक के लिए राजी नहीं होता है। विमान के यात्रियों को खाने के लिए सिर्फ एक पैकेट थमा दिया जाता है। यात्री सुधीर चड्ढा का कहना है कि फ्लाइट देरी से संचालित होने से बेहद परेशानी हो रही है।

बंद रनवे को खोलने की तैयारी
री-कारपेटिंग की वजह से दिल्ली एयरपोर्ट पर 13 सितंबर से रनवे 10/28 बंद है। इसके खुलने की कवायद तेज हो गई है। शुक्रवार को रनवे की जांच होनी है। इस रनवे को कैट-3बी सिस्टम से लैस किया गया है। पिछले साल 15 दिसंबर तक इसे शुरू करने का लक्ष्य रखा गया था। उपकरण समय पर आयात नहीं होने की वजह से यह तैयार नहीं हो सका। जांच में सब कुछ ठीक रहा तो उम्मीद है कि 19 जनवरी को ही इस रनवे को शुरू कर दिया जाएगा। फिलहाल, कैट-3 विमानों के ऑपरेशन के लिए सिर्फ 29/11 रनवे ही उपलब्ध है। नवनिर्मित रन-वे का अभी तक कैट-3 सर्टिफिकेशन नहीं हुआ है।

राजधानी समेत 18 ट्रेनें प्रभावित
कोहरे के कारण बृहस्पतिवार को 18 ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। विभिन्न राज्यों से दिल्ली आने वालीं 18 ट्रेनें एक से 6 घंटे तक विलंब से पहुंचीं। ट्रेनों के बिलंब से परिचालन के कारण यात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रभावित ट्रेनों में जम्मू तवी-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस 1:45 घंटे , बेंगलुरु निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस 1:10 घंटे, भुवनेश्वर- नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस 3:45 घंटे, जम्मू तवी- दिल्ली सराय रोहिल्ला दुरंतो एक्सप्रेस 2:30 घंटे, भुवनेश्वर नई दिल्ली दुरंतो 4:30 घंटे, पुरी- निजामुद्दीन पुरुषोत्तम एक्सप्रेस 6 घंटे, रीवा आनंद विहार एक्सप्रेस 4 घंटे , आजमगढ़ दिल्ली कैफियत एक्सप्रेस 5:30 घंटे अंबेडकर नगर कटरा एक्सप्रेस 3 घंटे, प्रतापगढ़ दिल्ली 1:20 घंट, देहरादून दिल्ली एक्सप्रेस 1:20 घंटे, मुजफ्फरपुर आनंद विहार एक्सप्रेस 3:15 घंटे समेत अन्य ट्रेनें घंटों देरी से पहुंचीं। 

राजधानी के सर्वाधिक इलाकों में एक्यूआई 300 के पार

हवा की दिशा बदलने से प्रदूषण बेहद खराब श्रेणी में बरकरार है। राजधानी के सर्वाधिक इलाकों में एक्यूआई 300 के पार पहुंच गया है। बृहस्पतिवार को एनसीआर में दिल्ली की हवा सबसे अधिक प्रदूषित रही। 

वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 318 दर्ज किया गया, जोकि बेहद खराब श्रेणी है। यह बुधवार के मुकाबले 50 अंक कम है। सुबह से ही कोहरा देखने को मिला। सुबह हल्की धूप खिली। 28 इलाकों में हवा बेहद खराब और आठ इलाकों में हवा खराब श्रेणी में रही। दिल्ली की हवा समग्र रूप से बेहद खराब श्रेणी में बनी रही। कमोबेश शनिवार तक हवा खराब श्रेणी में पहुंचने का अनुमान है। 

एनसीआर में कहां कितना एक्यूआई
सीपीसीबी के अनुसार, एनसीआर में दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक सबसे अधिक दर्ज किया गया। यहां एक्यूआई 318 रहा। ग्रेटर नोएडा में 210, नोएडा में 204, गाजियाबाद में 282 एक्यूआई दर्ज किया गया। गुरुग्राम में 190 व फरीदाबाद में 136 एक्यूआई दर्ज किया गया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed