दिल्ली विश्वविद्यालय में दाखिले की दौड़, क्रिश्चियन वर्ग की कट ऑफ में भेदभाव का आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली विश्वविद्यालय में सुपर हाई कटऑफ के बावजूद दाखिलों पर ब्रेक नहीं लगा। दाखिले के पहले ही दिन हिंदू और रामजस कॉलेज में राजनीति शास्त्र ऑनर्स कोर्स में 100 फीसदी अंक वाले केरल, तमिलनाडु और तेलंगाना बोर्ड के विद्यार्थियों ने दाखिला लेकर लगभग भर दिया, जहां हिंदू कॉलेज में राजनीति शास्त्र में कुल 31 दाखिलों में से 8 दाखिले 100 फीसदी अंक वाले विद्यार्थियों ने लिए। यह सभी केरल बोर्ड के विद्यार्थी रहे। वहीं रामजस कॉलेज में राजनीति शास्त्र में 72 दाखिले हुए, जिसमें से 8 दाखिले 100 फीसदी अंक वालों रहे।
हिंदू कॉलेज ने सभी कॉलेजों में सबसे अधिक राजनीति शास्त्र की कटऑफ 99 फीसदी रखी थी। कॉलेज को उम्मीद थी कि इससे दाखिले थोड़े संतुलित होंगे। वहीं इसी कॉलेज में फिजिक्स ऑनर्स के लिए 100 फीसदी अंक वाले 27 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है। इस कॉलेज में अन्य पाठ्यक्रमों में भी 100 फीसदी अंक वाले विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है।
लखनऊ से 99.25 फीसदी पर दाखिला लेने पहुंची सिंधू झा
लखनऊ के लॉ मार्टीनिया स्कूल की छात्रा सिंधू झा हिंदू कॉलेज में 99.25 फीसदी अंकों के साथ राजनीति शास्त्र ऑनर्स में दाखिला लेने पहुंची। सिंधू के अंक कॉलेज की निर्धारित 99 फीसदी कटऑफ से भी ज्यादा हैं। उन्होंने कहा कि उनका सपना था कि उन्हें हिंदू कॉलेज में ही राजनीति शास्त्र में दाखिला मिलें क्योंकि कॉलेज और कोर्स पसंदीदा है। उनकी तरह ही कुछ अन्य छात्र भी 99 फीसदी से अधिक फीसदी पर दाखिला लेने के लिए पहुंचे।
फॉर्म निकालने में नहीं आई परेशानी
कटऑफ जारी होने के बाद दाखिले की शुरुआत सुबह 9.30 बजे से हुई। बीते सालों की तरह इस बार सर्वर के धीमा चलने की परेशानी नहीं हुई। इस कारण विद्यार्थी अपना फॉर्म आसानी से निकाल कर कॉलेज पहुंचे। दिल्ली विश्वविद्यालय में बीते साल की तरह दाखिलों को पूरी तरह से ऑनलाइन बनाया गया। इस प्रक्रिया के तहत कटऑफ जारी होने के बाद विद्यार्थियों को अपना फॉर्म निकालना था।
पहले दिन के दाखिलों की स्थिति:
कॉलेज सीटें दाखिले
हिंदू कॉलेज 820 310
रामजस कॉलेज 1781 280
हंसराज कॉलेज 1280 168
एसआरसीसी कॉलेज 687 275
राजधानी कॉलेज 1052 33
एआरएसडी 1298 152
नोट: एसआरसीसी में ईको ऑनर्स व बीकॉम ऑनर्स दो ही कोर्स हैं। इसमें ईको में 75 व बीकॉम ऑनर्स में 200 दाखिले हुए हैं।
डीयू में पहले दिन कॉलेजों में 2, 011 दाखिले
डीयू में पहले दिन ही सभी कॉलेजों में विभिन्न पाठ्यक्रमों कुल 2011 दाखिले मंजूर किए गए। डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो राजीव गुप्ता के मुताबिक रात आठ बजे तक इतने दाखिले मंजूर हो गए। इस तरह से इन छात्रों ने फीस जमा कराकर अपना दाखिला पूरा कर लिया।
हिंदू कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. अंजू श्रीवास्तव राजनीति शास्त्र की कटऑफ हाई रखी थी, लेकिन तब तभी दाखिले के लिए इतने विद्यार्थी पहुंच गए। इसी तरह कॉलेज में केमिस्ट्री ऑनर्स में 100 फीसदी वाले 7, इतिहास ऑनर्स में 4 और गणित में 100 अंक वाले 10 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है।
रामजस कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. मनोज खन्ना ने कहा है कि पहली कटऑफ के बाद उन्हें राजनीति शास्त्र ऑनर्स में दाखिला बंद करना पड़े। बीए प्रोग्राम में पहले दिन 50 और बीकॉम में 22 विद्यार्थियों ने दाखिला ले लिया। इसमें से दो से तीन विद्यार्थी 100 फीसदी अंक वाले रहे।
क्रिश्चियन वर्ग की कट ऑफ में भेदभाव का आरोप
दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध सेंट स्टीफंस कॉलेज के स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए जारी दो क्रिश्यिचन वर्ग के छात्रों की कट ऑफ को लेकर नागा स्टूडेंट यूनियन ने भेदभाव का आरोप लगाया है। उन्होंने दाखिले के पहले दिन कॉलेज प्रिंसिपल को इस मामले में पत्र लिखा है।
यूनियन का कहना है कि क्रिश्चियन अन्य व क्रिश्चियन एसटी की कट ऑफ में बड़ा अंतर रखा गया है। क्रिश्चियन एसटी की कट ऑफ 5 से 9 फीसदी तक अधिक रखी गई है। यूनियन के अध्यक्ष हीनोतो पी आओमी ने पत्र में कहा है कि जिस तरह से अंतर रखा गया है उससे लगता है कि कॉलेज क्रिश्चियन एसटी वर्ग को शिक्षा से दूर करना चाहता है।
कट ऑफ में अंतर-
बीए प्रोग्राम
क्रिश्चियन अन्य 88
क्रिश्चियन एसटी 96
बीए ईको ऑनर्स
क्रिश्चियन अन्य 91.75
क्रिश्चियन एसटी 93.75
बीएससी प्रोग्राम
क्रिश्चियन अन्य 81.66
क्रिश्चियन एसटी 90
बीए इतिहास ऑनर्स
क्रिश्चियन अन्य 88.5
क्रिश्चियन एसटी 93.5