चुनाव के दौरान भड़की हिंसा, बच्चे की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया था। जैसे-जैसे दिन चढ़ा मतदान प्रतिशत भी बढ़ता जा रहा है। गुड़गांव के पुन्हाना में भड़की हिंसा में ढाई साल के बच्चे की मौत हो गई।
एनसीआर के फरीदाबाद और गुड़गांव में मतदान जारी है। फरीदाबाद में पहला वोट केंद्रीय मंत्री राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने डाला।
फरीदाबाद में तीन बजे तक कुल 55 फीसदी मतदान हुआ है। पोलिंग खत्म होने तक इसके 65 फीसदी तक होने की उम्मीद है।
इन दोनों जिलों में चुनाव के बीच लगातार झड़प और हिंसा की खबरें भी आ रही हैं। पार्टियों के कार्यकर्ता कई बूथों पर आपस में भिड़ गए।
बच्चे की मौत, कई घायल
गुड़गांव के पुन्हाना विधानसभा क्षेत्र में मतदान के दौरान भड़की हिंसा में ढाई साल के एक बच्चे की मौत हो गई जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए।
सूचना के मुताबिक पुन्हाना के रहीदा गांव में पोलिंग बूथ के पास दो गुटों के बीच मारपीट और पथराव शुरू हो गया। इस घटना में एक मासूम की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठियां पीटकर भीड़ को तितर-बितर किया।
पुन्हाना के सिरोली में दो पक्षों में हुई मारपीट में दो लोग जख्मी हो गए। वहीं बुचाका और फिरोजपुर झिरका के घाघस इलाके में भी राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के बीच कई जगह मारपीट और आपसी भिडंत हुई।
भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट
फरीदाबाद विधानसभा के तिगांव विधानसभा क्षेत्र में भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प की वजह से करीब एक घंटे तक मतदान बाधित रहा।
सूत्रों के अनुसार, तिगांव विधानसभा के मवई गांव में बने पोलिंग बूथ पर वोटिंग को लेकर कांग्रेस और भाजपा के समर्थक आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच हुई हाथापाई की वजह से पोलिंग बूथ पर अफरातफरी मच गई।
विवाद की सूचना मिलने पर कांग्रेस प्रत्याशी ललित नागर भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को समझा बुझाकर शांत कराया। इसके बाद मतदान दोबारा शुरू हुआ।
हालांकि इस दौरान तिगांव क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार राजेश नागर नजर नहीं आए।
संगीनों के साए में मतदान, भिड़े कार्यकर्ता
फरीदाबाद की हथीन विधानसभा सीट पर भी एक पोलिंग बूथ के पास दो दलों के कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प से माहौल काफी गरम हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें शांत कराया। यहां पहले से कर्फ्यू लगा हुआ है।
हथीन के मोठाका गांव में बने पोलिंग बूथ पर दो दलों के कार्यकर्ता अचानक भिड़ गए। बताया जा रहा है कि एक दल के लोग दूसरे दल पर हेरफर करने का आरोप लगा रहे थे इससे उठा विवाद बढ़ गया और मारपीट की नौबत आ गई। इससे थोड़ी देर के लिए मतदान भी प्रभावित हुआ।
बता दें कि हथीन में कुछ दिनों पहले दो समुदायों के बीच हुई हिंसा के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया था। मतदान की वजह से कर्फ्यू में ढील दी गई थी। संगीनों के साए में हो रहे मतदान में भी बड़ी संख्या में लोग वोट डालने पहुंच रहे हैं।
बसपा प्रत्याशी के साथ अभद्रता
गुड़गांव की बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुई झड़प की वजह से तीन पोलिंग बूथों पर मतदान प्रभावित रहा। बताया जा रहा है कि विवाद दो दलों के पोलिंग एजेंटों के बीच शुरू हुआ था।
विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 285, 286 और 287 में करीब आधे घंटे से भी अधिक समय तक मतदान प्रभावित रहा। पुलिस और प्रशासन के लोग दोनों पक्षों को शांत कराने में जुटे हैं। सूत्रों के अनुसार, एक दल के एजेंट ने दूसरे पर वोटरों को भड़काने का आरोप लगाया जिसके बाद विवाद शुरू हो गया।
वहीं फरीदाबाद के पृथला विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 155 में बसपा प्रत्याशी के साथ बदसूलकी की गई। मतदान के लिए पहुंचे प्रत्याशी टेकचंद शर्मा के साथ कुछ लोगों ने अभद्रता की और अपशब्द भी कहे। प्रत्याशी ने अपने प्रतिद्वंदी कांग्रेस उम्मीदवार पर साजिश रचने का आरोप लगाया है।
हथीन विधानसभा के कई पोलिंग बूथों पर कार्यकर्ताओं के बीच आपसी झड़प की सूचना है।
दो अतिरिक्त ऑब्जर्वर
चुनाव आयोग ने गुड़गांव के बादशाहपुर तथा सोहना विधानसभा क्षेत्र के लिए दो अतिरिक्त ऑब्जर्वर भेजा है। इन दोनों ऑब्जर्वरो को मिलाकर अब जिला गुड़गांव में आयोग के छह ऑब्जर्वर हो गए हैं, जो रविवार को होने वाले मतदान के दिन चुनाव प्रक्रिया पर नजर रखेंगे।
वहीं, मंगलवार की शाम को सभी पोलिंग पार्टियां पोलिंग बूथों पर पहुंच चुकी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त शेखर विद्यार्थी ने बताया कि चुनाव आयोग द्वारा गुड़गांव जिले के बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए एक अतिरिक्त ऑब्जर्वर पी डब्ल्यू रिंगजिंग को नियुक्त किया गया है।
इसी प्रकार, सोहना विधानसभा क्षेत्र में वी बालासुब्रमणियम को अतिरिक्त ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है। इससे पहले आयोग ने गुड़गांव जिले में रोहित कुमार को गुड़गांव व सोहना विधानसभा क्षेत्रो के लिए तथा अजय शंकर पांडेय को बादशाहपुर व पटौदी विधानसभा क्षेत्रों के लिए जेनरल ऑब्जर्वर नियुक्त करके भेजा हुआ है। इनके अलावा, एक्सपेंडिचर ऑब्जर्वर के तौर पर कुमार अनिमेश तथा जागरूकता ऑब्जर्वर के तौर पर एस वेंकटेश्वर नियुक्त है।