Gujrat Election: गुजरात से दिल्ली पहुंचे सफाई कर्मी ने केजरीवाल के साथ किया भोजन, खाकर बोला- सोचा नहीं था...
गुजरात में निमंत्रण मिलने पर सफाई कर्मचारी हर्ष सोलंकी अपने परिवार के साथ सोमवार को दिल्ली पहुंचे। यहां से वह दिल्ली के मुख्यमंत्री निवास पहुंचे जहां अरविंद केजरीवाल ने गले लगाकर सोलंकी का स्वागत किया।
विस्तार
दलितों के घर जाकर खाना खाने की परंपरा से अलग हटकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने घर बुलाकर इस समाज के लोगों के साथ भोजन किया। उनके साथ जमीन पर सहभोज नहीं करके मुख्यमंत्री निवास में डाइनिंग टेबल पर बैठाकर खाना खाया और गुजरात से पहुंचे सोलंकी को गले लगाया।
गुजरात में निमंत्रण मिलने पर सफाई कर्मचारी हर्ष सोलंकी अपने परिवार के साथ सोमवार को दिल्ली पहुंचे। यहां से वह दिल्ली के मुख्यमंत्री निवास पहुंचे जहां अरविंद केजरीवाल ने गले लगाकर सोलंकी का स्वागत किया। इस दौरान सोलंकी ने मुख्यमंत्री को अंबेडकर की तश्वीर भेंट की। भोजन के उपरांत दलित परिवार को दिल्ली सरकार के स्कूल, मोहल्ला क्लीनिक और अस्पताल का भी दौरा कराया गया।
गुजरात वाले भी कह रहे है आप की सरकार बनेगी: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सोलंकी के परिवार का अपने घर पर सत्कार करने का सौभाग्य मिला। हमारे व सोलंकी का परिवार साथ बैठकर खाना खाया। हमें राजनीति करनी आती नहीं है। हम जनता के लिए काम करते हैं। इसीलिए जनता हमें पसंद कर रही है। जनता ने पहले दिल्ली में सरकार बनाई, फिर पंजाब में और अब गुजरात के लोग कह रहे हैं कि यहां ‘‘आप’’ की सरकार बनने वाली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के लिए स्कूल, अस्पताल और सड़कें बनाते हैं। जनता के लिए बिजली फ्री करते हैं और पानी देते हैं। यही चीजें हैं, जो जनता को चाहिए। जनता भी गंदी राजनीति पसंद नहीं करती है। जनता को तोड़-फोड़ की राजनीति पसंद नहीं आती है। गुजरात में भी अब आम आदमी पार्टी की सरकार बनने वाली है।
सोलंकी ने अनुभव साझा किया
सोलंकी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि पहली बार अरविंद केजरीवाल जैसा कोई नेता मिला है जो दलित परिवार को अपने घर खाने का न्योता दिया। उनके साथ बैठ कर खाना खाएंगे यकीन ही नहीं हुआ। सोलंकी अपनी मां लता और बहन सुहानी के साथ दिल्ली पहुंचे थे। गुजरात के अगले दौरे पर मुख्यमंत्री सोलंकी के यहां खाना खाने जाएंगे।
गुजरात के प्रदेश संयोजक गोपाल इटालिया उन्हें दिल्ली लेकर पहुंचे। राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने पूरे परिवार को पंजाब भवन लेकर पहुंचे। इसके बाद वेस्ट विनोद नगर स्थित दिल्ली सरकार के स्कूल और मोहल्ला क्लीनिक दिखाया गया। सरकारी स्कूल देखने के बाद सोलंकी ने कहा कि यकीन नहीं हो रहा कि सरकारी स्कूल भी इतने अच्छे हो सकते हैं। अच्छी सुविधाएं है, अच्छे शिक्षक स्कूल में हैं। एक किलोमीटर के दायरे में मोहल्ला क्लीनिक भी बेहतर है। गुजरात के स्कूलों में दिल्ली जैसी सुविधा नहीं है। दोनों राज्यों के स्कूलों में बहुत फर्क है। गुजरात में रहने वाले बाल्मीकि समाज परेशान हो रहा है, उनकी परेशानी दूर हो जाए यही सपना है। गुजरात में सबको पक्की नौकरी चाहिए और स्कूल व बिजली चाहिए। बाद में सोलंकी परिवार बाल्मीकि मंदिर जाकर भगवान बाल्मीकि का आशीर्वाद भी लिया।
पहली बार किसी नेता ने दलित परिवार को अपने घर भोजन के लिए बुलाया: राघव चड्ढा
आप सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि अभी तक तो नेता लोगों के घर वोट बटोरने के लिए जाते थे। पहली बार एक नेता ने अपने दिल से एक परिवार को अपने घर आने का निमंत्रण दिया है, जो एक बहुत बड़ी बात है। एक जनप्रतिनिधि और जनता के बीच एक प्यार का रिश्ता होना चाहिए। इनदिनों जो दूरियां आ गई है उसे कम करने की कोशिश की जा रही है।