इन शॉपिंग मॉल्स में दिखेंगे भूत ही भूत
फरीदाबाद के शॉपिंग मॉल्स में पहली बार भूत डेरा डालेंगे। इसके लिए तैयारी अभी से शुरू हो गई है। असल में यह तैयारी 31 अक्तूबर को मनाए जाने वाले हैलोइन कार्निवल को लेकर की जा रही है।
पश्चिमी देशों की तरह पहली बार यहां के शॉपिंग मॉल्स में भी यह कार्निवल मनाया जाएगा। इसके लिए 18 दिन पहले ही बुकिंग शुरू हो गई है। गिफ्ट गैलरी प्रबंधकों की मानें तो युवा इस उत्सव के लिए खासे उत्साहित हैं। दोस्तों के अलावा लोग परिवार के सदस्यों के लिए भी गिफ्ट की मांग कर रहे हैं। अगले हफ्ते गैलरीज में गिफ्ट काउंटर भी सजाए जाएंगे।
अमेरिका में मनाया जाने वाला यह कार्निवल इस बार शहर के लोगों के लिए भी खास अवसर बनेगा। इसको भुनाने के लिए शहर के इकलौते हांटेड हाउस ने भी तैयारी पूरी कर ली है। यहां भूत-प्रेतों के रंग में माहौल रंगा दिख रहा है।
इसको लेकर तरह-तरह के भूतों की पोशाक मॉल्स में मौजूद हैं। मगर ये भूत-प्रेत लोगों को डराने के बजाय उनके मनोरंजन के लिए हैं। सेक्टर-12 स्थित गिफ्ट गैलरी के प्रवीण ने बताया कि युवा इसको लेकर खासे उत्साहित हैं। इस दौरान पूरी मस्ती करने के मूड में हैं। लोग अपने पसंदीदा गिफ्ट की मांग कर रहे हैं। काउंटर अगले हफ्ते सजा दिए जाएंगे।
हांटेड हाउस में एडवांस बुकिंग
इस दिन को यादगार बनाने के लिए दिल्ली-एनसीआर के युवा शहर के हांटेड हाउस में भी एडवांस बुकिंग करानी शुरू कर दी है। हाउस के आर्टिस्ट मोहम्मद अब्दुला ने बताया कि किसी ने दोस्त तो किसी ने परिवार के लिए बुकिंग कराई है। पांच से 10 मिनट के शो में लोगों को जिंदगी में रोमांच और डर दोनों का अहसास होगा। यहां 31 अक्तूबर तक कार्निवल चलेगा।
क्यों मनाया जाता है कार्निवल
यूएस में पूर्वजों की याद में हैलोइन कार्निवल मनाया जाता है। इसमें क्रिसमस पर सांता की तरह लोग कंकाल का भेष धरकर बच्चों को उपहार बांटते हैं। मान्यता है कि इस दिन पूर्वज प्रियजनों को आशीर्वाद देने आते हैं। समय के साथ ये त्योहार दिल्ली-एनसीआर मे काफी प्रचलित हो गया है।
ये उपहार कराएंगे कुछ अलग एहसास
दोस्तों को गिफ्ट करना हो या फिर हैलोइन पार्टी में शामिल होना, मॉल्स में खास सामग्री उपलब्ध होगी। स्केलटन की पूरी पोशाक अंधेरे में किसी नर कंकाल का दृश्य देगी। सॉफ्ट ट्वायज, शोपीस, कार्ड और अन्य उपहारों से कुछ अलग मांग करने वालों को स्केलटन आइटम भी लुभाएंगे। मग्स, स्केलटन बाइक, हेलीकॉप्टर, मास्क, डरावनी आवाज के म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट उपहार देकर रोमांच महसूस करने के लिए लोगों में खासा उत्साह है।